दियाल पंचायत में आयुष मेला आयोजित
विधायक कमलेश ठाकुर ने की बतौर मुख्य अतिथि शिरकत
कहा .... आयुष पद्धतियां भारतीय चिकित्सा प्रणाली की प्राचीन एवं समृद्ध विरासत
देहरा, 6 मार्च - देहरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दियाल पंचायत में आज आयुष विभाग द्वारा आयुष मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक कमलेश ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विधायक द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर आयुष विभाग की ओर से विधायक कमलेश ठाकुर को शॉल, भगवान गणेश जी की प्रतिमा और मोरिंगा का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
विधायक ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी चिकित्सा पद्धतियों से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आयुष विभाग के चिकित्सकों और अधिकारियों से बातचीत करते हुए लोगों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में भी जानकारी ली।
अपने संबोधन में कमलेश ठाकुर ने कहा कि आयुष पद्धतियां भारतीय चिकित्सा प्रणाली की प्राचीन एवं समृद्ध विरासत हैं, जिनका महत्व आज के वैश्विक परिदृश्य में और भी प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के कारण बढ़ रही विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा जैसी पद्धतियां बेहद उपयोगी साबित हो रही हैं। इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
उन्होंने आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी परिसर में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों के निर्माण हेतु विधायक निधि से 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि शौचालयों के साथ बाथरूम की सुविधा भी सुनिश्चित की जाए ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
इसके अतिरिक्त उन्होंने ग्रामीणों की बिजली से संबंधित ज्वलंत समस्या के समाधान के लिए शीघ्र ही ट्रांसफार्मर को अपग्रेड करवाने का पूर्ण आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में घनी आबादी होने के कारण बिजली व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
विधायक ने दियाल गांव में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रामलीला मंच के रखरखाव व निर्माण के लिए 1 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने जनता को यह भी जानकारी दी कि क्षेत्र के नैहरन पुखर तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 67 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की जा चुकी है, जिससे इस ऐतिहासिक स्थल का समग्र विकास होगा और यह पर्यटन व आकर्षण का केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर आयोजित आयुष स्वास्थ्य शिविर में आमजन के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। शिविर के दौरान ब्लड शुगर, बीपी और एक्स-रे सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श देने के बाद आयुर्वेदिक औषधियां भी निःशुल्क वितरित की गईं। मेले के दौरान विशेषज्ञों द्वारा लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाव, सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं में औषधियों के सटीक उपयोग तथा स्थानीय जड़ी-बूटियों की वैज्ञानिक खेती के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को संतुलित बनाए रखने के लिए योग विशेषज्ञों द्वारा योग अभ्यास और प्राणायाम का विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया। मेले में मोटे अनाज के गुणों, उनके उपयोग तथा स्वास्थ्य लाभ के बारे में जागरूक करते हुए आयुर्वेद से संबंधित पत्रिकाएं व औषधीय पौधे भी वितरित किए गए। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने श्री राज राजेश्वरी माता मंदिर में शीश नवाकर आशीर्वाद भी लिया।
इस गरिमामयी आयोजन के दौरान आयुष विभाग के पूर्व निदेशक एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी बलराम शर्मा, जिला आयुष अधिकारी कांगड़ा डॉ. बृजनंदन शर्मा, एसडीएमओ देहरा अरुण शर्मा, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष पुष्पेंद्र ठाकुर ,पूर्व निदेशक दि कांगड़ा राज्य सहकारी बैंक चौधरी सुनील कश्यप , गुरूचरण सिंह, पूर्व महासचिव इंद्रजीत शर्मा , आरटीए सदस्य सुरेश , विकलांग कल्याण बोर्ड के सदस्य अवनीत पठानियां, ओबीसी कल्याण बोर्ड के सदस्य राजकुमार, यूथ ब्लॉक अध्यक्ष सुमित ठाकुर, पूर्व प्रधान सुनेहत आशा सहित आयुष विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, विभिन्न पंचायतों के पूर्व प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।