सुंदरनगर के नाचन मंडल में संगठनात्मक बैठक, डॉ. राजीव बिंदल ने संगठन विस्तार व मजबूती पर दिया जोर
नाचन में भाजपा पदाधिकारियों ने 601 करोड़ आपदा राहत के लिए मोदी सरकार का जताया आभार
सुंदरनगर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भाजपा संगठनात्मक जिला सुंदरनगर के नाचन मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित संगठनात्मक बैठक में भाग लिया। बैठक में संगठन के विभिन्न विषयों पर गहन मंथन किया गया तथा संगठन के विस्तार और मजबूती को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर नाचन के विधायक विनोद कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, सुंदरनगर प्रभारी तिलक शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, जिला सुंदरनगर के अध्यक्ष हिरा लाल, नाचन मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश के लिए आपदा राहत हेतु 601 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने पर सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आभार व्यक्त किया। डॉ. बिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार आपदा की हर घड़ी में हिमाचल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रही है।
डॉ. राजीव बिंदल ने कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि संगठन के प्रति आप सभी का समर्पण भाजपा को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने बैठक के सफल आयोजन और स्वागत-अभिनंदन के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त किया।