वेद धारा ग्लोबल स्कूल में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर क्षमता निर्माण प्रशिक्षण का प्रभावी आयोजन
धनोट (ज्वालामुखी)। वेद धारा ग्लोबल स्कूल में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी 2020) विषय पर एक दिवसीय क्षमता विकास कार्यशाला का सीबीएसई सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस पंचकुला क्षेत्र के तत्वावधान में आयोजन किया गया। इस अवसर पर काँगड़ा ज़िले के पाँच विद्यालयों के साठ शिक्षक सहभागी बने और नई शिक्षा नीति की प्रमुख विशेषताओं तथा विद्यालय स्तर पर उसके सफल क्रियान्वयन को समझने का अवसर प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसके पश्चात कार्यशाला का मुख्य सत्र प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण कार्यशाला के रिसोर्स पर्सन श्री जगदीप शर्मा एवं श्रीमती मीनाक्षी शरोत्री ने एनईपी 2020 की अवधारणा, उद्देश्य, संरचना तथा अपेक्षित बदलावों पर अत्यंत स्पष्ट, ज्ञानवर्धक और उपयोगी प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 विद्यार्थी–केंद्रित, कौशल-आधारित तथा अनुभवपरक अधिगम को प्रोत्साहित करती है, जिसकी संरचना 5+3+3+4 मॉडल पर आधारित है। मातृभाषा में शिक्षा को प्रोत्साहन, विषय-विकल्पों में अधिक स्वतंत्रता, व्यावसायिक शिक्षा, सतत मूल्यांकन, तनावमुक्त बोर्ड परीक्षा तथा प्रौद्योगिकी–सहयोगी शिक्षण इस नीति की महत्वपूर्ण विशेषताएँ हैं, जिन पर विस्तृत चर्चा की गई।
पूरे सत्र के दौरान शिक्षकगण सक्रिय रूप से सम्मिलित रहे और विचार–विमर्श, प्रश्नोत्तर तथा चर्चाओं के माध्यम से नीति के व्यावहारिक पक्ष को गहराई से समझा। सहभागियों का उत्साह, जिज्ञासा तथा सीखने की अभिलाषा कार्यशाला की सफलता का प्रतीक रही।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मनोज जोशी ने रिसोर्स पर्सन तथा सभी उपस्थित शिक्षकों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी कार्यशालाएँ शिक्षकों के कौशल, दृष्टिकोण और शिक्षण गुणवत्ता को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने प्रतिभागी स्कूलों को शुभकामनाएँ देते हुए यह भी कहा कि वेद धारा ग्लोबल स्कूल भविष्य में भी ऐसे शैक्षिक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी रखेगा।
यह कार्यशाला न केवल ज्ञानवर्धक रही, बल्कि एनईपी 2020 के प्रभावी एवं सुचारु क्रियान्वयन हेतु एक प्रेरणादायक पहल भी सिद्ध हुई।