ज्वालामुखी के स्कूलों की जरूरतों को पूरा करेंगे - संजय रतन
ज्वालामुखी कन्या पाठशाला का जल्द ही कायाकल्प होगा। इसके लिये पर्याप्त धन उपलब्ध कराया जायेगा। नये भवन में सभी आध्ुनिक सुविधाओं से लैस स्मार्ट क्लासरूम बनेंगे।
विधायक संजय रतन ने आज बालिका दिवस के अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला ज्वालामुखी का निरिक्षण करने के उपरांत कहा कि, हमारा प्रयास रहेगा कि ज्वालामुखी के स्कूलों में बच्चों को अच्छी शिक्षा, भव्य भवन, खेल मैदान, स्मार्ट क्लासरूम जैसी सुविधाएँ एक ही जगह प्राप्त हों। जहां जिस चीज की, जिस स्कूल में जरूरत होगी, वहां उपलब्ध करवाई जायेगी।
संजय रतन ने कहा कि उनका प्रयास है कि ज्वालामुखी में बेहतरीन शैक्षणिक ढांचा उपलब्ध हो। इसी के तहत पिछले कार्यकाल के दौरान ज्वालामुखी में तीन डिग्री कालेज खोले गये थे। जिससे इलाके में शिक्षा का विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि ज्वालामुखी में करीब 29 सिनियर सैकेंडरी स्कूल हैं। आने वाले समय में हर स्कूल में सारी सुविधायें उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों का सम्पूर्ण विकास होना चाहिए, जिसमें ज्ञान के साथ-साथ जीवन की मुश्किल चुनौतियों का सामना करना भी सिखाना चाहिए जिसे सुनिश्चित बनाना अध्यापकों की जिम्मेवारी है।
उन्होंने कहा कि ज्वालामुखी के लोगों ने चुनावों में मत के रूप में उन्हें जो आशीर्वाद दिया है, उसके के लिये वह हमेशा आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह लोगों के विश्वास पर खरा उतरते हुए ज्वालामुखी के सर्वांगीण विकास के लिये वचनबद्ध हैं। उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि इलाके की सभी प्रमुख मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर ज्वालामुखी के कार्यकारी एसडीएम अंशु चंदेल , अधिशाषी अभियंता मनीष सहगल व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।