Gujrat के नवसारी में शनिवार की अल सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ. इस हादसे में कार और बस के बीच सीधी टक्कर हो गई. इसमें 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. वहीं 32 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है. बताया जा रहा है कि इनमें भी कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है. यह राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर वेसमा गांव के पास हुआ. बताया जा रहा है कि चलती गाड़ी में बस चालक को हार्ट अटैक आ गया. इसकी वजह से वह गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और कार में टक्कर मार दी।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला है. इनमें से घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है, वहीं मृतकों के शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. पुलिस ने बताया कि शवों को निकालने के लिए दोनों गाड़ियों को काटना पड़ा है. इसकी वजह से घायलों तक राहत पहुंचने में थोड़ी देरी हुई है.
नवसारी डिप्टी एसपी, वीएन पटेल ने कहा कि,घटना आज सुबह अहमदाबाद-मुंबई हाईवे के पास घटी. हादसे में 9 लोगों की मृत्यु हो गई और कई लोग घायल हुए हैं जिसमें से एक गंभीर है जिसे सूरत रेफर किया गया है अल सुबह हुए इस हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया. पुलिस ने आनन फानन में सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाने और शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेजने के बाद क्रेन की मदद से दोनों गाड़ियों को सड़क के किनारे लगाने और जाम खुलवाने की कवायद शुरू कर दी है. हालांकि इसके लिए पुलिस को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा
पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में पता चला है कि बस के ड्राइवर को पहले से दिल की बीमारी थी. हालांकि वह गाड़ी लेकर निकलते समय स्वस्थ महसूस कर रहा था. लेकिन शनिवार की अलसुबह कड़ाके की ठंड की वजह से उसे दिल का दौरा पड़ गया. इसकी वजह से वह गाड़ी पर नियंत्रण नहीं कर सका और यह हादसा हो गया. सूचना पाकर मौके पर पहुंचे नवसारी जिला पुलिस प्रमुख सहित अधिकारियों ने राहत कार्य शुरू कर दिया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने जताई संवेदना
हादसे पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि,गुजरात के नवसारी में हुुआ सड़क हादसा दिल दहला देने वाला है. इस घटना में जिन लोगों ने अपने परिवारों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. स्थानीय प्रशासन घायलों को तत्काल उपचार मुहैया करा रहा है, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.