146 विपक्षी सांसदों के निलंबन के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने कहा, "देश का युवा आज फोन पर बैठा है, क्योंकि मोदी जी ने युवाओं को रोजगार नहीं दिया। रोजगार उनसे छीन लिया है। युवाओं को एक ही रास्ता दिया है कि फोन पर, सोशल मीडिया पर व्यस्त रहो। ये देश की सच्ची हालत है। जो युवा थे, जिन्होंने संसद में सिक्योरिटी ब्रीच जरूर की, लेकिन वो भी सरकार की गलती है। मीडिया में ये बात नहीं आई की देश में बेरोजगारी है। मीडिया ने देश में बेरोजगारी की बात नहीं की। मीडिया कहती है कि संसद के बाहर सांसद बैठे थे, वहां पर राहुल गांधी ने वीडियो बनाया। इन्होंने यह नहीं कहा कि 146 सांसदों को निलंबित कर दिया गया। ये सवाल मीडिया ने नहीं पूछा।"
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार से हमने सवाल पूछा कि संसद की सुरक्षा में चूक कैसे हुई? दो युवा आखिर संसद के अंदर कैसे घुस गए? हम लोगों ने बेरोजगारी पर सवाल पूछे, उन्होंने 146 संसादों को निलंबित कर दिया। मीडिय बेरोजगारी की बात नहीं करती है, बस ध्यान इधर-उधर भटकाती है। जिन सांसदों को निलंबित कर दिया गया, वो सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं, हिंदुस्तान की जनता की आवाज हैं।
उन्होंने कहा, "हर सांसद लाखों वोट लेकर आता है। आपने (सरकार) सिर्फ इन लोगों का अपमान नहीं किया, बल्कि आपने हिंदुस्तान की 60 फीसदी जनता का मुंह बंद किया है। आप सोचते हो कि आप देश की जनता को डरा दोगे, धमका दोगे। आप अग्निवीर योजना लाए। हिंदुस्तान के युवाओं से आपने देशभक्ति की फीलिंग छीन ली। जब युवा खड़े हुए तो आपने वीडियो कैमरे से उनके चेहरे देखे, उनसे आपने कह दिया कि अगर आपने अग्निवीर के बारे में कुछ बोला तो आपको हम सरकारी नौकरी नहीं देंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि हम सब विपक्ष के नेता और विपक्ष के कार्यकर्ता एक साथ खड़े हैं। ये लड़ाई नफरत और मोहब्बत के बीच की लड़ाई है। नफरत के बाजार में हम मोहब्बत की दुकान खोल रहे हैं। जितनी आप नफरत फैलाओगे। उतना INDIA गठबंधन मोहब्बत फैलाएगा।"