कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद हो रही मतगणना के शुरूआती रुझानों के बाद कांग्रेस ने दावा किया है कि पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ राज्य में आ रही है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि लोगों ने भाजपा, खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नकारात्मक' अभियान को खारिज कर दिया है। खेड़ा ने दावा किया, हम राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ आ रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा, हमने अपनी गलतियों से सीखा है.. कुछ महीने पहले हिमाचल के नतीजे और कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना के ताजा रुझान बताते हैं कि लोगों के मुद्दे हल नहीं हो रहे हैं, इसलिए वे सबसे पुरानी पार्टी के लिए मतदान कर रहे हैं।
कांग्रेस को अगर कर्नाटक विधानसभा चुनाव में साफ बहुमत मिल जाता है तो कल ही विधायक दल की बैठक हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक अगर बहुमत नहीं मिलता है तो जीते हुए कांग्रेस विधायकों को बेंगलुरु शिफ्ट किया जा सकता है। रुझानों के मुताबिक अभी कांग्रेस 110 सीटों पर आगे है, वहीं बीजेपी को 80 सीटों पर बढ़त मिल रही है। जेडीएस अभी 29 सीटों पर आगे है। राज्य में बहुमत का जादुई आंकड़ा 113 है।
कर्नाटक में वोटों की गिनती चल रही है। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई अपने निर्वाचन क्षेत्र शिगगांव में आगे चल रहे हैं। शनिवार को शुरू हुई मतगणना के शुरूआती रुझान से ये पता चला है। बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर अपनी हुबली-सेंट्रल धारवाड़ सीट से पीछे चल रहे हैं। शेट्टर निर्वाचन क्षेत्र से छह बार के विधायक हैं और उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा उन्हें हराने की पूरी कोशिश कर रही है और भगवा पार्टी का एजेंडा सीट जीतना नहीं बल्कि उन्हें हराना है।
हालांकि, अथानी से कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी आगे चल रहे हैं। उन्होंने भी बीजेपी छोड़ दी थी और कांग्रेस में शामिल हो गए थे। गडग विधानसभा सीट पर पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एच.के. पाटिल अपनी पारंपरिक सीट पर आगे चल रहे हैं।