हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह में स्टेट विजिलेंस व एंटी क्रप्शन ब्यूरो की टीम ने विकास खंड कार्यालय में तैनात कनिष्ठ अभियंता प्रदीप कुमार शर्मा को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार कनिष्ठ अभियंता द्वारा खरदिया मोड़ से पालर खड्ड लिंक रोड का एस्टिमेट बनाने की एवज में रिश्वत मांगी गई थी। ग्राम पंचायत के उप प्रधान सतपाल तोमर की शिकायत पर ही विजिलेंस ने ये कार्रवाई की है। शिकायतकर्ता के आरोपों की पड़ताल के बाद विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाया। डीएसपी तरनजीत के नेतृत्व में विजिलेंस की टीम ने संगड़ाह पहुंचकर जाल बिछा दिया। जैसे ही कार्यालय में कनिष्ठ अभियंता ने 10 हजार की रिश्वत ली, तुरंत ही जेई को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
नाहन थाना में मामला दर्ज किया गया है। ऐसा भी बताया जा रहा है कि विजिलेंस की टीम आरोपी कनिष्ठ अभियंता को नाहन लेकर आ सकती है, यहीं अदालत में पेश किया जाएगा।
उधर, विजिलेंस की टीम आरोपी की चल व अचल संपत्ति को भी खंगाल सकती है। इसी बीच स्टेट विजिलेंस व एंटी क्रप्शन ब्यूरो की एसपी अंजुम आरा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि संग़ड़ाह बीडीओ कार्यालय के कनिष्ठ अभियंता को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।