Himachal BJP के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने शिमला में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि नए संस्थानों को डीनोटिफाई करने के निर्णय की भाजपा निंदा करती है। सत्ता में आते ही डिनोटिफाई करना तानाशाहीपूर्ण निर्णय है। जयराम ठाकुर की पहली कैबिनेट में जनहित के निर्णय हुए। 70 साल से अधिक आयु के लोगों के पक्ष में सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने के फैसले लिए गए। भाजपा विपक्ष में भी कांग्रेस सरकार का सहयोग करेगी। अगर ऐसे ही निर्णय होते रहे तो भाजपा इनका विरोध करेगी। जनांदोलन खड़ा किया जाएगा। कहा कि अटल टनल से अटल बिहारी वाजपेयी का नाम हटाया तो भाजपा विरोध करेगी।
कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंत्रिमंडल पर फैसला नहीं ले पा रहे हैं और जल्दबाजी में गलत फैसले ले रहे हैं। गलत निर्णयों का विरोध होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जनमत को स्वीकार करती है। प्रदेश के इतिहास में इतने मामूली अंतर से भाजपा सरकार बनाने से चूकी है। कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करती है। कांग्रेस सरकार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को भाजपा बधाई देती है। लेकिन प्रदेश के हितों के खिलाफ कोई फैसला होगा तो उसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। पिछले निर्णयों की समीक्षा करना दुर्भाग्यपूर्ण है। बदले की भावना से काम करना शोभा नहीं देता है। भाजपा विधायक दल की बैठक में ही नेता प्रतिपक्ष पर फैसला होगा। यह बैठक जल्द बुलाई जा सकती है। जयराम ठाकुर ही नेता प्रतिपक्ष होंगे क्या? इस सवाल पर रणधीर शर्मा ने कहा कि यह फैसला विधायक दल की बैठक में होगा।