देवउठनी एकादशी का व्रत कार्तिक शुक्ल एकादशी तिथि पर रखा जाता है, जो इस बार 20 नवंबर, शुक्रवार को है। इस तिथि का हिंदू धर्म में बहुत खास महत्व बताया गया है क्योंकि, इस दिन श्रीहरि पूरे 4 महीनों के बाद योगनिद्रा से जागते हैं। साथ ही, देवउठनी एकादशी से मांगलिक कार्यों की भी शुरुआत हो जाती है। ऐसे में इस एकादशी पर कुछ महत्वपूर्ण नियमों का ध्यान जरूर रखना चाहिए। अनजाने में हुई छोटी सी गलती के चलते भी आपकी पूजा अथवा व्रत अधूरा रह सकता है। तो चलिए विस्तार से जानते हैं कि देवउठनी एकादशी पर क्या-क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए।
यदि आप देवउठनी एकादशी का व्रत कर रहे हैं, तो दशमी तिथि से ही इसके नियमों का पालन करें। एकादशी से एक दिन पहले से ही तामसिक भोजन का त्याग करें। साथ ही, देवउठनी एकादशी पर परिवार के सदस्यों को भी लहसुन, प्याज, मांस मदिरा आदि चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए।
शास्त्रों और कुछ मान्यताओं के अनुसार, किसी भी एकादशी पर चावल का सेवन नहीं करना चाहिए। इस दिन चावल और चावल से बनी किसी भी चीज को खाना वर्जित माना गया है। परिवार को भी इस नियम का विशेष ख्याल रखना चाहिए।
वैसे तो एकादशी पर श्रीहरि की पूजा में तुलसी दल के प्रयोग का विशेष महत्व है, लेकिन भूलकर देवउठनी एकादशी पर तुलसी के पत्ते न तोड़ें। ऐसा करना शुभ नहीं माना जाता है। इससे प्रतिकूल प्रभावों का सामना करना पड़ सकता है।
एकादशी के दिन भूले से भी असहाय और बड़े-बुजुर्गों का अपमान नहीं करना चाहिए। साथ ही, इस दिन किसी भी प्रकार के विवाद, नकारात्मक विचार और कटु वाणी का प्रयोग करने से बचें। ऐसा करने से व्रत का फल न्यून रह सकता है।
देवउठनी एकादशी पर सुबह देर तक नहीं सोना चाहिए। साथ ही, इस दिन व्रती को दोपहर के समय शयन नहीं करना चाहिए। ऐसा करना उचित नहीं माना जाता है। अगर व्रत न कर रहे हों, तब भी एकादशी पर जल्दी उठकर श्रीहरि का पूजन करें।
एकादशी तिथि पर चावल के साथ-साथ मूली, बैंगन और साग खाना भी वर्जित माना जाता है। और द्वादशी तिथि पर व्रत पारण के बाद सोने से भी बचना चाहिए।
देवउठनी एकादशी पर श्रीहरि के पूजन के लिए पहले से ही सभी सामग्री को एकत्रित करके रख लेना चाहिए। साथ ही, व्रती सुबह जल्दी उठकर स्नानादि करने के बाद सर्वप्रथम व्रत का संकल्प जरूर लें।
देवउठनी एकादशी पर अष्टदल बनाने का विशेष महत्व होता है। इसके बीच में भगवान का वास माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन कम से कम 5 घरों के अष्टदल के दर्शन जरूर करने चाहिए। ऐसा करने से शुभ फल प्राप्त होता है। वहीं, पंडित राकेश झा बताते है कि द्वादशी के दिन सुबह कौआ बोलने से पहले उस अष्टदल को मिटा देना चाहिए।
इस पर्व को कृषि से भी जुड़ा माना जाता है। ऐसे में इस दिन पूजा में अष्टदल के साथ सात प्रकार के अनाज भी बनाए जाते हैं। साथ ही, चावल को पीसकर उसमे पानी घोलकर इस घोल से अष्टदल के साथ खेती के लिए गृहस्थी की वस्तुएं बनाई जाती हैं। इन्हें बनाते बनाते पूजा घर से तुलसी तक ले जाया जाता है। यह एक प्रकार की तुलसी विवाह की भी तैयारी होती है।
देवउठनी एकादशी के दिन भगवान को जगाने के बाद उन्हें रथ पर बैठाकर भ्रमण कराने का विधान भी बताया गया है। लेकिन यदि ऐसा संभव न हो, तो आप श्रीहरि को एक आसन पर बिठा सकते हैं। फिर चार लोग आसन को चारों ओर से पकड़कर भगवान विष्णु को भ्रमण कराएं।
इस एकादशी तिथि पर तुलसी पूजन का विशेष महत्व बताया गया है। ऐसे में सुबह तुलसी के पौधे के आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। साथ ही, सुबह और शाम दीपक जलाएं व तुलसी माता को लाल रंग की चुनरी ओढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सुहाग की सामग्री भी अर्पित करनी चाहिए।
देवउठनी एकादशी का व्रत रखने वालों को व्रत का पारण द्वादशी तिथि के दिन करना चाहिए। इस दिन आंवला और तुलसी दल का सेवन करके ही व्रत का पारण करने का विधान होता है।