# ज्वालामुखी में मंदिरों में तोड़फोड़ से आक्रोश, शनिदेव और भैरव बाबा की मूर्तियां क्षतिग्रस्त
ज्वालामुखी शहर में मंदिरों में तोड़फोड़ की घटना सामने आने के बाद लोगों में रोष है। शहर के वार्ड नंबर 5 में प्राचीन गणेश मंदिर के समीप स्थित शनिदेव मंदिर और भैरव बाबा मंदिर में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थलों पर तोड़फोड़ की घटना से क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं और इनके पीछे शामिल लोगों का जल्द पता लगाया जाना चाहिए।
बताया गया है कि ज्वालामुखी के समीप रैंखा गांव में भी एक मंदिर को नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना सामने आई है। इसके अलावा एक शिव मंदिर में शिवलिंग को भी क्षतिग्रस्त किए जाने की बात कही गई है। हालांकि इन घटनाओं के संबंध में पुलिस की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी देहरा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और मामले की जांच तेज करने को कहा। पुलिस आसपास के संभावित साक्ष्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
विधायक संजय रतन ने भी घटना पर कड़ा संज्ञान लिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और दोषियों की पहचान कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।