# ज्वालामुखी में अंडर-19 जिला स्तरीय टूर्नामेंट का आगाज, 15 जोन के 665 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
**ज्वालामुखी:** राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ज्वालामुखी में अंडर-19 बॉयज जिला स्तरीय टूर्नामेंट का शुभारंभ ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन ने किया। जिला कांगड़ा के विभिन्न 15 जोन से पहुंचे करीब 665 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर प्रशासन एवं आयोजन समिति की ओर से व्यवस्थाएं की गई हैं।
उद्घाटन अवसर पर विधायक संजय रतन ने खिलाड़ियों का ज्वालामुखी में स्वागत करते हुए कहा कि बाहर से आने वाले सभी खिलाड़ी और शिक्षक क्षेत्र के अतिथि हैं और उनके लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना स्थानीय स्तर पर जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने आयोजकों से स्पष्ट कहा है कि खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं और आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
विधायक ने खिलाड़ियों की सुरक्षा और ठहरने की व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से शिक्षकों की जिम्मेदारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ आने वाले अध्यापकों को उनके ठहरने के स्थान पर ही रहना चाहिए, ताकि बच्चों की गतिविधियों और सुरक्षा पर लगातार नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि अंडर-19 आयु वर्ग के बच्चे प्रतियोगिता के दौरान शहर में घूमने के लिए बाहर निकल सकते हैं, ऐसे में उनके साथ जिम्मेदार शिक्षकों की मौजूदगी जरूरी है।
उन्होंने प्रशासन से प्रतियोगिता के दौरान बच्चों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश देने की बात कही। विधायक ने कहा कि पेयजल, बिजली और मेडिकल सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। सड़क पार करने और बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए स्कूल परिसर के आसपास आवश्यक बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने की बात भी उन्होंने कही, ताकि खिलाड़ियों की आवाजाही के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
संजय रतन ने कहा कि ज्वालामुखी में खिलाड़ियों और उनके साथ आए शिक्षकों के लिए सराय एवं गेस्ट हाउस सहित ठहरने के कई विकल्प उपलब्ध हैं। उन्होंने प्रशासन से प्रतियोगिता के तीनों दिनों के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने का आग्रह किया।
विधायक ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे खिलाड़ियों और शिक्षकों को मां ज्वाला के दर्शन करवाने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि सभी खिलाड़ी और शिक्षक शाम करीब सात बजे मां ज्वालामुखी मंदिर में जाकर आशीर्वाद लें। इसके बाद मंदिर के लंगर भवन में खिलाड़ियों के लिए रात्रि भोजन की व्यवस्था किए जाने की बात भी उन्होंने कही।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इससे बच्चों का मानसिक और व्यक्तित्व विकास भी होता है। एक अच्छा खिलाड़ी अनुशासन, समर्पण और टीम भावना जैसे गुण सीखता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के साथ-साथ पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में संजय रतन ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए मेहनत, समर्पण और प्रतिबद्धता जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि यदि वे पूरी लगन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ेंगे तो उनके लिए कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होगा।
ज्वालामुखी में आयोजित यह जिला स्तरीय प्रतियोगिता खिलाड़ियों को खेल प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने का अवसर भी प्रदान कर रही है। तीन दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में जिला कांगड़ा के विभिन्न जोन से आए खिलाड़ी अपनी टीमों के लिए बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे।