किशाऊ बांध परियोजना पर अनुराग ठाकुर का कांग्रेस पर निशाना, बोले- छह दशक से समस्या जस की तस
धर्मशाला: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने किशाऊ बांध परियोजना को लेकर हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। बुधवार को कांगड़ा एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले छह दशकों में देश और प्रदेश में कांग्रेस की कई सरकारें आईं और चली गईं, लेकिन किशाऊ बांध परियोजना की समस्या का समाधान नहीं हो पाया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने परियोजना से जुड़े छह राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर इस लंबे समय से लंबित मुद्दे का समाधान किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि किशाऊ बांध परियोजना के लिए करीब 90 प्रतिशत खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी, जबकि शेष खर्च संबंधित राज्यों के बीच तय व्यवस्था के अनुसार होगा। ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों की भी इस परियोजना में महत्वपूर्ण भूमिका है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि किशाऊ बांध परियोजना में शामिल छह राज्यों में पांच राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। ऐसे में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा परियोजना का श्रेय लेने को लेकर उन्होंने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय से लंबित परियोजना का समाधान केंद्र सरकार की पहल और सभी संबंधित राज्यों के बीच बनी सहमति से संभव हुआ है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री को “क्रेडिट पिपासु” के रूप में देखना दुर्भाग्यपूर्ण है।
किशाऊ बांध परियोजना हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से जुड़ी एक महत्वपूर्ण बहुउद्देशीय परियोजना है। इसके तहत जल भंडारण, सिंचाई, पेयजल आपूर्ति और विद्युत उत्पादन जैसे उद्देश्यों को पूरा करने की योजना है