कबड्डी के अंडर-19 जोनल टूर्नामेंट में मझीण स्कूल चैंपियन
-भड़ोली कोहाला में ज्वालामुखी जोनल ब्वायज खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न
-मझीण विद्यालय के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में दिखाया दमखम, बैडमिंटन में रनरअप
-विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य ने मोमेंटो सहित हार पहनाकर किया सम्मानित
मझीण। जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में अपना दमखम बरकार रखते हुए राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मझीण ने कबडडी के निर्णायक मुकाबले में खुंडिया स्कूल टीम को शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। इसके साथ बैडमिंटन मंे मझीण स्कूल के होनहार दूसरे पायदान पर रहे। राजकीय उत्कृष्ठ माध्यमिक पाठशाला भड़ोली कोहाला में ज्वालामुखी जोनल अंडर-19 ब्वायज टूर्नामेंट संपन्न हुआ। मंगलवार को मझीण स्कूल पहुंचने पर विजेता कबडडी टीम व उपविजेता बैडमिंटन टीम के खिलाड़ियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रविंद्र शर्मा ने सभी होनहार खिलाड़ियों को हार पहनाकर व मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
इस दौरान विद्यालय के सैंकड़ो विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाया। मझीण स्कूल टीम द्वारा हासिल इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि खेलकूद में विद्यालय के होनहार लगातार नई-नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। हाल ही में संपन्न हुए अंडर-14 टूर्नामेंट में कबडडी मुकाबले में मझीण स्कूल की टीम प्रथम स्थान हासिल कर चुकी हैं। इसके साथ चैस में भी मझीण स्कूल की टीम विजेता रही हैं। गल्र्ज अंडर-19 जोनल कबडडी मुकाबले में मझीण स्कूल की छात्राएं दूसरे स्थान पर रही। प्रधानाचार्य ने आगामी प्रतियोगिताओं के लिए भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। साथ ही उन्होंने कहा कि विद्यालय में बेहतर शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए विद्यालय स्तर पर मूलभूत सुविधाओं को भी विकसित किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को अच्छी सुविधा मिल सकें।
इस उपलब्धि के लिए भी उन्होंने समस्त स्कूल स्टाफ, खिलाड़ियों सहित डीपीई सुदर्शन मोहन व पीईटी सुनील कुमार को भी बधाई दी। इस मौके पर समस्त विद्यालय स्टाफ भी उपस्थित रहा।