### आशा कार्यकर्ताओं ने बीएमओ ज्वालामुखी को सौंपा मांगपत्र, समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग
**ज्वालामुखी।** आशा कार्यकर्ता संघ खंड ज्वालामुखी की प्रधान सपना राणा के नेतृत्व में आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर खंड चिकित्सा अधिकारी ज्वालामुखी डॉ. पवन कुमार को मांगपत्र सौंपा। इस दौरान संघ की वरिष्ठ उपप्रधान निशा देवी और महासचिव रीना देवी भी मौजूद रहीं।
प्रधान सपना राणा ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांग है कि उन्हें प्रत्येक माह **10 तारीख से पहले इंसेंटिव का भुगतान** किया जाए, ताकि वे समय पर अपने तथा अपने परिवार के आवश्यक खर्चों को पूरा कर सकें।
उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं पर ऐसे कार्य करने के लिए भी दबाव डाला जा रहा है, जो उनके निर्धारित कार्यक्षेत्र में नहीं आते। इनमें गैर-संचारी रोगों के मरीजों की स्क्रीनिंग करना और मरीजों को आभा से लिंक करना जैसे कार्य शामिल हैं। सपना राणा के अनुसार, आशा भर्ती एवं चयन संबंधी अधिसूचना के तहत आशा कार्यकर्ता के पद पर आठवीं पास महिला की नियुक्ति होती है। ऐसे में तकनीकी प्रकृति के इन कार्यों को करने में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि इन कार्यों के लिए आशा कार्यकर्ताओं को बाध्य न किया जाए, खासकर जब इन कार्यों के लिए उन्हें कोई इंसेंटिव भी नहीं मिलता।
सपना राणा ने एक अन्य समस्या उठाते हुए कहा कि आशा कार्यकर्ताओं से अपने इंसेंटिव फॉर्म पर स्वयं चिकित्सा अधिकारी के हस्ताक्षर करवाकर उन्हें खंड चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय में जमा करवाने के लिए कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता सेक्टर मीटिंग के दौरान अपने इंसेंटिव फॉर्म आशा फैसिलिटेटर के पास जमा करवा देती हैं। इसके बाद फॉर्म पर आवश्यक हस्ताक्षर करवाकर बीएमओ कार्यालय में जमा करवाने की जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी अथवा अधिकारी की होनी चाहिए। आशा कार्यकर्ताओं को इस अतिरिक्त प्रक्रिया के लिए बाध्य नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी मांग की कि जब कोई आशा कार्यकर्ता अपने विभागीय कार्य या बीमारी के कारण सिविल अस्पताल ज्वालामुखी की ओपीडी में चिकित्सकीय जांच के लिए आती है, तो उसे सामान्य मरीजों की लंबी कतार में खड़ा न होना पड़े और उसके कार्य अथवा जांच के लिए यथासंभव शीघ्र सुविधा प्रदान की जाए।
सपना राणा ने बताया कि खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पवन कुमार ने आशा कार्यकर्ताओं की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा इनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
आशा कार्यकर्ता संघ ने उम्मीद जताई कि विभाग उनकी जायज मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई करेगा और कार्यकर्ताओं को अपने दायित्वों का निर्वहन करने में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।