विधायक ने पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देहरा में तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
कांगड़ा के 23 शिक्षा खंडों से करीब 670 खिलाड़ी ले रहे भाग
कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और बॉक्सिंग सहित विभिन्न स्पर्धाओं में दिखाएंगे प्रतिभा
देहरा, 9 सितंबर : पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देहरा में बुधवार को अंडर-14 वर्ग की तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने किया। इस अवसर पर जिला के विभिन्न शिक्षा खंडों से पहुंचे खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट के माध्यम से मुख्य अतिथि को सलामी दी। प्रतियोगिता में कांगड़ा जिला के 23 शिक्षा खंडों से करीब 670 छात्र खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव भी हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक है।
उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं। खिलाड़ियों को परिणाम की चिंता किए बिना पूरी लगन, मेहनत और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। ऐसे खिलाड़ियों को उचित मंच, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाकर राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ाया जा सकता है।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं न केवल बच्चों की खेल प्रतिभा को पहचानने में मदद करती हैं, बल्कि उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मंच भी प्रदान करती हैं।
तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बॉक्सिंग सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में विभिन्न शिक्षा खंडों की टीमें अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
विधायक ने युवा खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं तथा स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाएं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि मैदान में उतरने वाला प्रत्येक खिलाड़ी अपने आप में विजेता है, क्योंकि वह मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के साथ आगे बढ़ने का साहस करता है।
जिला के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रभारियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर नगर परिषद एवं ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों के अलावा प्रतिभागी विद्यालयों के प्रधानाचार्य, विभिन्न विद्यालयों से आए टीम प्रभारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।