आईसीडीएस योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित
देहरा, 12 अगस्त: खंड समिति सभागार देहरा में आज मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, पोषण अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, ‘बेटी है अनमोल’ तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की बैठक आयोजित की गई। एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन ने बैठक की अध्यक्षता की।
एसडीएम ने कहा कि देहरा में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत 55 बच्चों को 4 हजार रुपये प्रतिमाह पाॅकेट मनी दी जा रही है जबकि दो पात्रों को भूमि आबंटित की गई है। इसके अलावा वर्ष 2025-26 में 16 मामलों में मकान निर्माण के लिए 3-3 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसके अतिरिक्त उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता, स्वरोजगार हेतु 1.40 लाख रुपये, 24 बच्चों को विवाह अनुदान के रूप में 2-2 लाख रुपये तथा मिशन वात्सल्य के तहत 587 बच्चों को सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पोषण अभियान के तहत आईसीडीएस व सीएएस ऐप और पोषण ट्रैकर के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों की डिजिटल माॅनिटरिंग की जा रही है तथा पोषण वाटिकाओं के विकास पर बल दिया जा रहा है। वहीं ‘बेटी है अनमोल’ योजना के तहत वर्ष 2025-26 के प्रथम घटक में 61 मामलों के लिए 12.81 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें ज्वालामुखी उपमंडल के 38 मामले में स्वीकृत 7.98 लाख रुपये तथा देहरा उपमंडल के 23 मामलों में 4.83 लाख रुपये भी शामिल हैं।
एसडीएम ने कन्या भू्रण हत्या रोकने और पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संबंधित विभागों की एक अलग विशेष समीक्षा बैठक बुलाने तथा इसे जनभागीदारी से अभियान के रूप में चलाने को कहा। उन्होंने कहा कि इस विषय को केवल विभागीय स्तर तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं को तीन किस्तों में 5 हजार रुपये तथा जननी सुरक्षा योजना से एक हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जा रही है। उन्होंने जमीनी स्तर पर कार्य कर रहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की सराहना करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।
बैठक का संचालन बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेंद्र कुमार ने किया और इस दौरान, खंड प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार, तहसील कल्याण अधिकारी विपुल कुमार, वृत्त पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।