रोगी कल्याण समिति की बैठक में लिया गया अहम फैसला, अस्पताल की आय-व्यय पर भी हुई विस्तृत चर्चा
ज्वालामुखी, 31 जुलाई। सिविल अस्पताल ज्वालामुखी की रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की बैठक में मरीजों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अस्पताल में लागू यूजर चार्ज में किसी भी प्रकार की बढ़ोतरी न करने का फैसला लिया गया। समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि अस्पताल में मरीजों से लिए जाने वाले सभी यूजर चार्ज फिलहाल यथावत रहेंगे, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।
बैठक स्थानीय विधायक संजय रतन की मौजूदगी में आयोजित की गई। इस दौरान अस्पताल की आय-व्यय, उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं तथा भविष्य की आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए विभिन्न सुझाव भी प्रस्तुत किए।
विधायक संजय रतन ने कहा कि आम जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े, इसलिए यूजर चार्ज में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में एसडीएम संजीव शर्मा, नगर परिषद ज्वालामुखी की अध्यक्षा सोम किरण शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. पवन शर्मा, डॉ. सतिन्दर वर्मा, समिति सदस्य ओ.पी. वशिष्ठ, बिजेन्द्र शर्मा सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए भविष्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी सहमति व्यक्त की गई।