श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता.... विधायक संजय रत्न
ज्वालामुखी ,31 जुलाई विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में आयोजित होने वाले श्रावण अष्टमी नवरात्र मेले के सफल आयोजन को लेकर मंदिर न्यास के स्वागत कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सहायक आयुक्त (मंदिर) एवं उपमंडलाधिकारी (ना.) ज्वालामुखी डॉ. संजीव शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में स्थानीय विधायक संजय रत्न ने विशेष रूप से शिरकत की और विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों का विस्तृत ब्योरा लिया।
बैठक में विधायक संजय रत्न ने कहा कि इस वर्ष श्रावण अष्टमी नवरात्र मेला 11 अगस्त से 25 अगस्त तक कुल 15 दिनों तक चलेगा। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन प्रणाली को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है । उन्होंने अधिकारियों को प्रभावी कतार प्रबंधन के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए।
मेले के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल के अलावा 50 अतिरिक्त होमगार्ड जवानों की तैनाती की जाएगी और नगर परिषद को पूरे क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए 80 अस्थायी सफाई कर्मचारी तैनात करने के निर्देश दिए गए । इसके अतिरिक्त, यातायात को सुचारू रखने, पार्किंग स्थलों के बेहतर प्रबंधन और श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन हेतु जगह-जगह सूचना संकेतक लगाने पर बल दिया गया।
स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा मानकों पर ध्यान केंद्रित करते हुए विधायक ने मंदिर परिसर में मेडिकल कैंप लगाने, पर्याप्त दवाइयों, डॉक्टरों व 108 एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग को मेले में बिकने वाली सामग्री की गुणवत्ता जांचने और दुकानों पर खाद्य पदार्थ ढककर रखवाने के आदेश दिए गए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से सेवा भावना और स्नेहपूर्ण व्यवहार के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक के समापन पर सहायक आयुक्त डॉ. संजीव शर्मा ने सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए और विश्वास जताया कि सभी विभागों के बेहतर समन्वय से मेले का आयोजन भव्य, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगा।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त मंदिर एवं एसडीएम ज्वालामुखी डॉ संजीव शर्मा, तहसीलदार अजय मडंयाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग विवेक शर्मा, जल शक्ति विभाग अनीश, बिजली बोर्ड करणवीर सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष सोम किरण, उपाध्यक्ष दीप्ति शर्मा, न्यास सदस्य प्रधान दिव्याशु भूषण दत्त, सदस्य जितेश, दपीक, अवनिद्र, शैलेन्द्र, विरेन्द्र सूद सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।