परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की दी जानकारी, भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाया उत्साह
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी रत्ती डॉ. पीयूष वैद्य के सौजन्य से अभिलाषी नर्सिंग कॉलेज टांडा (मंडी) में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक कुमार शांडिल ने की। इस दौरान छात्राओं को बढ़ती जनसंख्या से उत्पन्न चुनौतियों तथा परिवार नियोजन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में खंड स्वास्थ्य शिक्षक सुरेश चंदेल ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या किसी भी देश के समग्र विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। उन्होंने छात्राओं को बताया कि जनसंख्या वृद्धि का सीधा प्रभाव शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यावरण और आर्थिक विकास पर पड़ता है। उन्होंने छोटे परिवार के महत्व पर जोर देते हुए परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी साधनों की विस्तृत जानकारी दी।
सुरेश चंदेल ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को जनसंख्या वृद्धि से उत्पन्न समस्याओं और चुनौतियों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विश्व की जनसंख्या लगभग 806 करोड़ तथा भारत की जनसंख्या लगभग 146 करोड़ तक पहुंच चुकी है। भारत जनसंख्या के मामले में चीन को पीछे छोड़कर विश्व में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि यदि जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण नहीं किया गया तो गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, भूखमरी, स्वास्थ्य सेवाओं पर बढ़ता दबाव तथा पर्यावरण प्रदूषण जैसी समस्याएं और गंभीर होती जाएंगी।
उन्होंने बताया कि भारत ने वर्ष 1951 में विश्व का पहला राष्ट्रीय परिवार नियोजन कार्यक्रम शुरू किया था। इसके बावजूद जनसंख्या वृद्धि लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन के लिए निरोध, माला-एन, कॉपर-टी, छाया टैबलेट, अंतरा इंजेक्शन और इमरजेंसी पिल जैसी अस्थायी सेवाएं तथा नसबंदी एवं नलबंदी जैसी स्थायी सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने पात्र दंपत्तियों से अपनी आवश्यकता के अनुसार इन सेवाओं का लाभ उठाने और समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में पलक शर्मा ने प्रथम, मनीषा ने द्वितीय तथा इशिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में निष्ठा प्रथम, मुस्कान द्वितीय और दीक्षिता तृतीय स्थान पर रहीं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक कुमार शांडिल ने छात्राओं से जनसंख्या नियंत्रण एवं परिवार नियोजन के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सिविल अस्पताल रत्ती देव राज, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता संतोष कुमारी, सीएचओ अरुणा, वाइस प्रिंसिपल शालिनी, अध्यापक पल्लवी, नेहा, प्रियंका, शिवानी, वर्षा, मुक्ता, आशा कार्यकर्ता तथा लगभग 120 छात्राएं उपस्थित रहीं।
#Mandi #WorldPopulationDay #FamilyPlanning #HimachalNews #DatelineDharamshala