ज्वालामुखी में सातवीं जिला स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता एवं द्वितीय पैरा योगासन प्रतियोगिता का भव्य समापन
ज्वालामुखी। जिला योगासन खेल संघ, कांगड़ा द्वारा आयोजित 7वीं जिला स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता 2026-27 एवं द्वितीय पैरा योगासन (दिव्यांग) प्रतियोगिता का रविवार को ज्वालामुखी में उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लेकर योगासन की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा, लचीलापन, संतुलन और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों के साथ अभिभावकों, प्रशिक्षकों और स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें सब-जूनियर (10-14 वर्ष), जूनियर (14-18 वर्ष), सीनियर (18-28 वर्ष), सीनियर-ए (28-35 वर्ष), सीनियर-बी (36-45 वर्ष) तथा सीनियर-सी (45-55 वर्ष) वर्ग शामिल रहे। प्रत्येक वर्ग में खिलाड़ियों ने निर्धारित योगासनों का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों को अपनी तकनीकी दक्षता, संतुलन, लचीलापन और प्रस्तुति से प्रभावित किया।
इस अवसर पर आयोजित द्वितीय पैरा योगासन (दिव्यांग) प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। दिव्यांग खिलाड़ियों ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और योग के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक परिचय दिया। उनके शानदार प्रदर्शन ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया और यह संदेश दिया कि दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।
समापन समारोह में नगर परिषद ज्वालामुखी की अध्यक्षा श्रीमती सोम किरण शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि योग केवल एक खेल नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की कला है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। नियमित योग अभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा व्यक्ति तनावमुक्त जीवन जी सकता है।
मुख्य अतिथि ने जिला योगासन खेल संघ, कांगड़ा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करती हैं। साथ ही उनमें खेल भावना, आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी निरंतर अभ्यास करने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
जिला योगासन खेल संघ, कांगड़ा के अध्यक्ष रामतीर्थ शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर कांगड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उन्होंने बताया कि संघ का उद्देश्य जिले में योगासन खेलों को अधिक से अधिक बढ़ावा देना तथा नई प्रतिभाओं को आगे लाना है। इसके लिए समय-समय पर प्रशिक्षण शिविर, कार्यशालाएं और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं ताकि खिलाड़ियों को बेहतर मंच और मार्गदर्शन मिल सके।
रामतीर्थ शर्मा ने जिले के सभी योग संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, प्रशिक्षकों तथा खिलाड़ियों से भविष्य में अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे खेल के रूप में अपनाकर युवा न केवल अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान भी बना सकते हैं।
समारोह के अंत में विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का प्रतियोगिता को सफल बनाने में दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।