मुख्य बिंदु:
धर्मशाला में रातभर हुई बारिश।
सुबह से छाए हैं घने बादल।
अफगानिस्तान के खिलाफ आज होना है मुकाबला।
मौसम बना मैच के लिए सबसे बड़ी चुनौती।
प्रशंसकों की नजरें अब आसमान और मौसम विभाग के अपडेट पर।
धर्मशाला, 13 जून: हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) स्टेडियम, धर्मशाला में आज अफगानिस्तान के साथ होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले पर मौसम की अनिश्चितता का साया मंडरा रहा है। रातभर हुई बारिश और सुबह से छाए घने बादलों ने क्रिकेट प्रेमियों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
धर्मशाला का मौसम पिछले कुछ दिनों से लगातार बदलता रहा है और शुक्रवार रात भी क्षेत्र में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इसके चलते मैदान की स्थिति और मैच के समय मौसम के रुख को लेकर अटकलों का दौर जारी है।
हालांकि स्टेडियम प्रबंधन और ग्राउंड स्टाफ मैदान को खेलने योग्य बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन अंतिम फैसला मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा। यदि बारिश जारी रहती है तो मैच प्रभावित हो सकता है।
क्रिकेट प्रशंसक बड़ी संख्या में इस मुकाबले का इंतजार कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी मौसम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। स्थानीय लोग कह रहे हैं कि अब मैच होगा या नहीं, इसका फैसला तो इंद्रुनाग देवता ही करेंगे।
फिलहाल सभी की निगाहें आसमान पर टिकी हैं और उम्मीद की जा रही है कि मौसम मेहरबान होगा ताकि दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने का अवसर मिल सके।