विद्यार्थियों को तंबाकू व नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
मंडी - मंडी जिला के नेरचौक स्थित स्वास्थ्य खंड रत्ती के अंतर्गत आने वाले डीएवी स्कूल डडौर में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी रत्ती डॉ. पीयूष वैद्य के सौजन्य से किया गया तथा इसकी अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रशांत शर्मा ने की।
इस अवसर पर खंड स्वास्थ्य शिक्षक सुरेश चंदेल ने विद्यार्थियों को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता के माध्यम से नशे की ओर बढ़ रहे लोगों को काफी हद तक बचाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, खैनी और तंबाकू जैसे नशों से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि युवा वर्ग को नशे के बजाय शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों में प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए।
सुरेश चंदेल ने कहा कि नशे के कारण समाज में अपराध, चोरी, हिंसा और सड़क दुर्घटनाओं जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
उन्होंने बताया कि आज का युवा वर्ग विभिन्न प्रकार के नशों की चपेट में आ रहा है, जिससे शरीर में गंभीर बीमारियां उत्पन्न हो रही हैं। तंबाकू और धूम्रपान के सेवन से मुंह का कैंसर, फेफड़ों का कैंसर, लीवर कैंसर तथा हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने जानकारी दी कि कोटपा अधिनियम-2003 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करना दंडनीय अपराध है और इसके लिए 200 रुपये जुर्माने का प्रावधान है। वहीं 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचना भी कानूनन अपराध है। किसी भी शिक्षण संस्थान के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। भाषण प्रतियोगिता में मनन गुप्ता ने प्रथम, सुनैना ने द्वितीय तथा परिधि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में याना भारती प्रथम, अन्वी द्वितीय तथा ओमिशा तृतीय स्थान पर रहीं। सभी प्रतिभागियों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुरस्कार प्रदान किए गए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रशांत शर्मा ने भी विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में तंबाकू विरोधी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर टावां चौक की सीएचओ पूनम चौधरी, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता कुशम, किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता मीनाक्षी, विद्यालय के अध्यापकगण, आशा कार्यकर्ता, 17 स्टाफ सदस्य तथा 169 विद्यार्थी उपस्थित रहे।