भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देहरा संगठनात्मक जिला अध्यक्ष।Ajay Khatta ने ज्वालामुखी में नगर परिषद चुनाव के बाद ज्वालामुखी प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों और पूजा डूगर के समर्थकों को चुन-चुन कर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हार-जीत सामान्य बात है और भाजपा ने चुनाव परिणामों को स्वीकार किया है, लेकिन उसके बाद बदले की भावना से कार्रवाई की जा रही है।
अजय खट्टा ने कहा कि ज्वालामुखी में गेट नंबर-3 के भीतर स्थित रवि कुमार की फल की दुकान में तोड़फोड़ की गई और उनका सामान नष्ट कर दिया गया। उन्होंने इसे एक गरीब व्यक्ति की रोजी-रोटी पर हमला बताते हुए कहा कि संविधान हर नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवनयापन का अधिकार देता है।
उन्होंने ज्वालामुखी प्रशासन से सवाल किया कि आखिर स्थानीय अधिकारी किसके दबाव में काम कर रहे हैं। भाजपा नेताओं ने इस मामले को लेकर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है तथा एसडीएम से भी मुलाकात की है। खट्टा ने कहा कि एसडीएम ने उनकी बात गंभीरता से सुनी है और उन्हें उम्मीद है कि आगे कोई भी कार्रवाई निष्पक्ष और न्यायसंगत तरीके से होगी।
भाजपा नेता ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि भाजपा समर्थकों को लगातार निशाना बनाया गया तो पार्टी कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि “नगर परिषद का चुनाव जरूर हारे हैं, लेकिन लड़ाई अभी बाकी है।”
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि सरकार के दबाव में आने के बजाय निष्पक्ष ढंग से कार्य किया जाए। शहर के सौंदर्यकरण का भाजपा समर्थन करती है, लेकिन केवल कुछ चुनिंदा दुकानों को निशाना बनाना गलत है। अजय खट्टा ने कहा कि यदि यह सिलसिला नहीं रुका तो भाजपा कार्यकर्ता प्रशासन के खिलाफ भी मजबूती से खड़े होंगे।