ज्वालामुखी: नगर परिषद चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज होती जा रही है। वार्ड नंबर 4 से सोशल वर्कर दीप्ति शर्मा ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश करते हुए जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। उनके अभियान को वार्ड में अच्छा रिस्पॉन्स मिलता नजर आ रहा है, जिससे चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने के संकेत मिल रहे हैं।
दीप्ति शर्मा लगातार घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात कर रही हैं और उनकी समस्याओं को सुन रही हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड में साफ-सफाई, बेहतर पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, नालियों की मरम्मत और सड़क सुधार जैसे मुद्दे उनकी प्राथमिकता में शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना उनकी जिम्मेदारी होगी।
राजनीतिक दृष्टि से भी उनकी दावेदारी को अहम माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर दीप्ति शर्मा को विधायक Sanjay Rattan का करीबी माना जाता है। ज्वालामुखी की राजनीति में विधायक का प्रभाव और दबदबा लंबे समय से देखा जाता रहा है, ऐसे में दीप्ति शर्मा की उम्मीदवारी को इस नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्हें महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों का समर्थन मिलता दिख रहा है। कई जगहों पर स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की समस्याओं जैसे जल निकासी, कचरा प्रबंधन और सड़कों की हालत को लेकर अपनी चिंता जाहिर की, जिनके समाधान का भरोसा दीप्ति शर्मा ने दिया।
दीप्ति शर्मा ने कहा कि अगर जनता उन्हें मौका देती है तो वे पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी के साथ काम करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि वे वार्ड के विकास में किसी प्रकार की राजनीति नहीं बल्कि सेवा भावना को प्राथमिकता देंगी।
नगर परिषद चुनाव के नजदीक आते ही वार्ड 4 में चुनावी माहौल गरमाने लगा है। दीप्ति शर्मा के सक्रिय जनसंपर्क और राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए यह सीट इस बार खासा चर्चित रहने की संभावना है।