रत्ती खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीयूष वैद्य के सौजन्य से सरस्वती विद्यालय मंदिर स्कूल हटगढ़ में विश्व टीकाकरण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल की प्रिंसिपल लीला राघव ने की।
इस अवसर पर खंड स्वास्थ्य शिक्षक रत्ती सुरेश चंदेल ने विद्यार्थियों को टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीकाकरण सप्ताह हर वर्ष अप्रैल के अंतिम सप्ताह में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को समय पर टीकाकरण करवाने के प्रति जागरूक करना है, ताकि विभिन्न बीमारियों से बचाव किया जा सके।
उन्होंने कहा कि टीकाकरण एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से शरीर को बीमारियों के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता प्रदान की जाती है। इससे शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत होती है और व्यक्ति कई गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रहता है।
सुरेश चंदेल ने बताया कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए समय-समय पर टीकाकरण बेहद आवश्यक है। जन्म से लेकर 16 वर्ष तक बच्चों को टीकाकरण सारणी के अनुसार टीके लगाए जाते हैं, जिससे क्षय रोग, पोलियो, पीलिया, निमोनिया, डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटनेस, खसरा और रूबेला जैसी बीमारियों से बचाव संभव है।
इस दौरान छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि 14 से 15 वर्ष की आयु की लड़कियों को यह वैक्सीन स्वास्थ्य विभाग द्वारा मुफ्त में दी जा रही है, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल में भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। भाषण प्रतियोगिता में अपूर्वा ने प्रथम, उपासना ने द्वितीय और मन्नत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में आरुषी प्रथम, अमूल्या द्वितीय और भूमिका तृतीय स्थान पर रहीं।
स्कूल की प्रिंसिपल लीला राघव ने विद्यार्थियों को टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य पर्यवेक्षिका किस्मत राणा, सीएचओ कुसम, पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता राजेश कुमार, किशोर स्वास्थ्य काउंसलर मीनाक्षी सहित स्कूल स्टाफ और 140 विद्यार्थी उपस्थित रहे।