रत्ती: खंड चिकित्सा अधिकारी रत्ती डॉ. पीयूष वैद्यया के सौजन्य से हरी हर पब्लिक स्कूल कूम्मी में विश्व मलेरिया दिवस जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को मलेरिया से बचाव और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन स्कूल के प्रिंसिपल सुरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर खंड स्वास्थ्य शिक्षक रत्ती सुरेश चन्देल ने विद्यार्थियों को मलेरिया बीमारी के कारण, लक्षण और बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मलेरिया मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है, जो गंदे और एक सप्ताह तक खड़े पानी में पनपते हैं। उन्होंने बच्चों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने, कूलर और गमलों का पानी नियमित रूप से बदलने और सोते समय मच्छरदानी के उपयोग की सलाह दी।
चन्देल ने मलेरिया के मुख्य लक्षणों जैसे ठंड के साथ बुखार, सिरदर्द, जोड़ों में दर्द, उल्टी और थकान के बारे में बताया तथा कहा कि ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल में जांच करवानी चाहिए और समय पर दवा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान 14 वर्ष की लड़कियों को एचपीवी वैक्सीनेशन के प्रति भी जागरूक किया गया, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव हो सके।
किशोर स्वास्थ्य काउंसलर मीनाक्षी ने विद्यार्थियों को एनीमिया के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में अलीशा ने प्रथम, इशिका ने द्वितीय और तानवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में वंशिका प्रथम, गुंजन द्वितीय और वंशिका तृतीय स्थान पर रही। सभी प्रतिभागियों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुरस्कार प्रदान किए गए।
स्कूल के प्रिंसिपल सुरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को मलेरिया के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुप्रिया, सीएचओ सुनाली, किशोर स्वास्थ्य काउंसलर मीनाक्षी सहित स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं लगभग 108 विद्यार्थी और 28 स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।