रत्ती: खंड चिकित्सा अधिकारी रत्ती डॉ. पीयूष वैद्य के सौजन्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बग्गी में विश्व स्वास्थ्य दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. विजय कुमार ने की।
कार्यक्रम के दौरान खंड स्वास्थ्य शिक्षक सुरेश चंदेल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम “स्वास्थ्य के लिए एकजुट, विज्ञान के साथ खड़े रहें” है, जिसके तहत पूरे वर्ष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य का अर्थ केवल बीमारी का अभाव नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से पूर्ण स्वस्थ होना है। अच्छा स्वास्थ्य ही जीवन का सबसे बड़ा धन है, जिसके बिना सभी सुख-सुविधाएं व्यर्थ हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे न केवल अपनी सेहत का ध्यान रखें, बल्कि दूसरों को भी स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करें।
चंदेल ने बताया कि स्वस्थ रहने के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, स्वच्छ वातावरण और नियमित व्यायाम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति सुबह सैर, योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करे तथा नशे से दूर रहे, तो उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर, किडनी व हृदय रोग जैसे गैर-संचारी रोगों से काफी हद तक बचा जा सकता है। उन्होंने प्रतिदिन 7 से 8 घंटे की गहरी नींद लेने, जंक फूड, धूम्रपान और शराब से बचने की भी सलाह दी।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। भाषण प्रतियोगिता में प्रियांशी और हिमांशी ने प्रथम, नितिन और रितेश ने द्वितीय तथा रिशु सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में पावनी व समूह प्रथम, नीलम व समूह द्वितीय और नवीन व समूह तृतीय स्थान पर रहे। विजेता प्रतिभागियों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. विजय कुमार ने भी लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज नेरचौक से डॉ. देशराज, डॉ. रमेश चंद्रा, डॉ. अन्विश, डॉ. रुचि, स्वास्थ्य शिक्षक उर्मिला चौहान, भूपेंद्र, डॉ. सोनिया सरोच, सीएचओ दीपू, कुशम, पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता राजेश कुमार, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रोमिला देवी, आशा कार्यकर्ता प्रियंका सहित लगभग 76 लोग उपस्थित रहे।