भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक मंडी में संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर सहित कई वरिष्ठ नेता और विधायक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता आज महंगाई और टैक्स के बोझ तले दब चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार नए-नए टैक्स लगाकर आम लोगों की कमर तोड़ रही है।
उन्होंने कहा कि बिजली के बढ़े हुए बिल लोगों को “करंट मारने” लगे हैं, पानी के दाम बढ़ाए गए हैं और एचआरटीसी बसों के किराए में वृद्धि के साथ कई रूट बंद कर दिए गए हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
राशन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि डिपो में न तो पर्याप्त राशन मिल रहा है और जो मिल रहा है, वह भी महंगे दामों पर दिया जा रहा है। इसके अलावा स्टांप ड्यूटी, सीमेंट की कीमतों और एंट्री टैक्स में बढ़ोतरी से व्यापारियों और आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
डीजल पर टैक्स को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उनका कहना था कि पहले ₹10.40 वैट और अब ₹5 प्रति लीटर सेस लगाकर सरकार ने महंगाई को और बढ़ा दिया है, जबकि केंद्र सरकार राहत देने का प्रयास कर रही है।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में माफिया राज, भाई-भतीजावाद और मित्रवाद चरम पर है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवा, महिलाएं, कर्मचारी, किसान, बागवान और पेंशनभोगी—सभी वर्ग परेशान हैं और हर घर में आक्रोश है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा ने कार्यसमिति बैठक में यह संकल्प लिया है कि जनता के हर मुद्दे को सड़क से लेकर विधानसभा तक मजबूती से उठाया जाएगा।
अंत में उन्होंने कहा, “यह लड़ाई भाजपा की नहीं, बल्कि जनता की है—और भाजपा जनता के साथ मिलकर इस जनविरोधी कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए प्रतिबद्ध है