हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने असम दौरे के दौरान राजधानी गुवाहाटी स्थित पवित्र नीलांचल पर्वत पर विराजमान विश्वप्रसिद्ध माँ कामाख्या मंदिर में श्रद्धा पूर्वक पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने विधिवत पूजा कर माँ कामाख्या का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि माँ कामाख्या शक्ति और आस्था का प्रतीक हैं, जिनकी कृपा से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और नई दिशा मिलती है।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश के अपने सभी भाइयों-बहनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश निरंतर विकास के मार्ग पर आगे बढ़े और हर नागरिक के जीवन में खुशहाली आए। मुख्यमंत्री ने यह भी कामना की कि समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द बना रहे तथा सभी के जीवन में सुख-समृद्धि का वास हो।
सुक्खू ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में स्थित ऐसे पवित्र तीर्थ स्थल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक हैं, जो हमें एकता, आस्था और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
अंत में उन्होंने माँ कामाख्या से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी असीम कृपा सभी पर बनी रहे और हर घर में खुशियां, स्वास्थ्य और समृद्धि का वास हो।