ज्वालामुखी में आशा कार्यकर्ताओं ने विधायक Sanjay Rattan को सौंपा मांग पत्र
ज्वालामुखी, 17 मार्च 2026 — आशा कार्यकर्ता संघ स्वास्थ्य खण्ड ज्वालामुखी की प्रधान सपना राणा के नेतृत्व में आशा कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
संघ की प्रधान सपना राणा ने बताया कि मार्च 2026 के बजट में आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय को वर्तमान 5800 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये करने की प्रमुख मांग रखी गई है। इसके साथ ही आशा कार्यकर्ताओं के लिए स्थायी नीति बनाने की मांग भी उठाई गई, ताकि सेवानिवृत्ति के बाद वे अपने परिवार का भरण-पोषण सुचारू रूप से कर सकें।
उन्होंने आगे बताया कि संघ ने पदोन्नति में 50 प्रतिशत कोटा महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के पद के लिए निर्धारित करने, प्रत्येक 10 आशा कार्यकर्ताओं पर एक आशा फैसिलिटेटर नियुक्त करने तथा हर महीने 5 तारीख से पहले मासिक इंसेंटिव जारी करने की भी मांग की है।
विधायक संजय रतन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि आशा कार्यकर्ताओं की सभी मांगों और समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रधान सपना राणा के साथ वरिष्ठ उपप्रधान निशा देवी, महासचिव रीना देवी, कार्यकारिणी सदस्य मीना देवी, रजिया, मोनू सहित अन्य आशा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहीं।