हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस के अवसर पर वेद धारा ग्लोबल स्कूल, धनोट एवं सा रे गा मा संगीत अकादमी, नादौन के द्वारा 25 जनवरी 2026 को “हिम लोक संस्कृति महोत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल वेद धारा ग्लोबल स्कूल, धनोट का प्रांगण होगा।
इस उत्सव का उद्देश्य हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक लोक संगीत, साहित्य, कला, कौशल, नृत्य और सांस्कृतिक विरासत को जनमानस तक पहुँचाना है। यह गौरवमयी हिमाचली संस्कृति के संवर्धन एवं भूली-बिसरी परंपराओं की सुमधुर स्मृतियों को पुनर्जागृत कर वर्तमान समय की प्रचलित परंपराओं से जोड़ कर भविष्योन्मुख बनाने का एक प्रयास भी है।
कार्यक्रम के माध्यम से देवभूमि हिमाचल की सांस्कृतिक पहचान को सहेजने और नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
महोत्सव में हिमाचल की लोक कला से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें हिमाचल के शीर्ष कलाकारों की भागीदारी रहेगी। इनमें पद्म श्री से सम्मानित श्री करतार सिंह सोंखले जैसे प्रख्यात कलाकार शामिल रहेंगे। महोत्सव में हिमाचली लोक संगीत के देदीप्यमान हस्ताक्षर करनैल राणा एवं गीता भारद्वाज को ‘हिम लोक संस्कृति सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा ।
महोत्सव में परंपरा संवर्धन एवं कौशल दर्शन की एक प्रदर्शनी भी आयोजित की जा रही है जिसमें वेद धारा ग्लोबल स्कूल के अभिभावक एवं अध्यापक, स्थानीय स्वयं सहायता समूह एवं साहित्य और कला के क्षेत्र में कार्य कर रहे कलाकार भाग लेंगे।
महोत्सव में सा रे गा मा संगीत अकादमी नादौन द्वारा 10-20 वर्ष आयु के बच्चों के लिए संगीत और डांस का ऑडिशन भी किया जाएगा जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं को चिह्नित कर उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने की योजना पर काम होगा। आयोजकों द्वारा सभी स्थानीय अभिभावकों से अनुरोध है कि कला क्षेत्र के विशेषज्ञों एवं वरिष्ठ कलाकारों के द्वारा मार्गदर्शन हेतु सभी प्रतिभाशाली बच्चों का प्रतिभाग अवश्य सुनिश्चित करें। इस तरह “हिम लोक संस्कृति महोत्सव” भावी पीढ़ी को संस्कृति के संवाहकों के रूप में तैयार करने में भूमिका निभाएगा ।
राज्यत्व दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम सांस्कृतिक चेतना और लोक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगा। महोत्सव की रूप रेखा एवं कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी वेद धारा एजुकेशन एवं सा रे गा मा संगीत अकादमी की तरफ़ से अजय डोगरा एवं मनोज जोशी द्वारा प्रेस वार्ता में दी गई ।