भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने की दिशा में प्रशिक्षण प्रकोष्ठ एवं बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ में प्रदेश व जिला स्तर पर महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा की गई है। प्रदेश नेतृत्व से विचार-विमर्श के उपरांत यह निर्णय लिया गया, जिससे पार्टी के वैचारिक, प्रशिक्षणात्मक और बौद्धिक आधार को और मजबूत किया जा सके।
प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के अंतर्गत प्रदेश सह-संयोजकों के रूप में राम कुमार शर्मा, अंजना शर्मा, वीर सिंह गुलेरिया, शशि भूषण श्याम एवं मदन शर्मा को दायित्व सौंपा गया है। वहीं जिला स्तर पर शिमला से गगन शर्मा, महासू से कुलदीप खुंद, सोलन से किशन वर्मा, सिरमौर से नवीन शर्मा, ऊना से सतीश शर्मा, कांगड़ा से विजय शर्मा, पालमपुर से राजेश दीक्षित, नूरपुर से राजेंद्र सिंह राणा, कुल्लू से ज्ञान चंद तथा किन्नौर से दौलत राम नेगी को जिला संयोजक नियुक्त किया गया है। प्रशिक्षण प्रकोष्ठ ने स्पष्ट किया कि यह सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
इसी क्रम में भाजपा प्रदेश बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ में भी प्रदेश सह-संयोजकों तथा जिला संयोजकों एवं सह-संयोजकों की घोषणा की गई है। प्रदेश सह-संयोजकों के रूप में राकेश भारद्वाज और डॉ. रोशमा शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला स्तर पर मंडी, कुल्लू, ऊना, सोलन, कांगड़ा, पालमपुर, सुंदरनगर, लाहौल-स्पीति, चंबा, बिलासपुर, हमीरपुर, नूरपुर, महासू, किन्नौर एवं सिरमौर में संयोजक एवं सह-संयोजक नियुक्त किए गए हैं, जिनका उद्देश्य बुद्धिजीवी वर्ग को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना तथा समसामयिक विषयों पर तथ्यात्मक और वैचारिक संवाद को आगे बढ़ाना है। बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ ने भी स्पष्ट किया कि सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
प्रदेश नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षण प्रकोष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं के वैचारिक विकास, संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जबकि बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ समाज के प्रबुद्ध वर्ग के साथ सार्थक संवाद स्थापित कर भाजपा की नीतियों, दृष्टिकोण और राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूती प्रदान करेगा।
भाजपा हिमाचल प्रदेश का मानना है कि इन दोनों प्रकोष्ठों में की गई नियुक्तियां संगठन को नई ऊर्जा देंगी और पार्टी को जमीनी स्तर से लेकर वैचारिक मंच तक और अधिक सशक्त बनाएंगी।