राज्य स्तरीय लोहड़ी मेला–2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन ने की बैठक की अध्यक्षता
देहरा (प्रागपुर), 18 दिसंबर - राज्य स्तरीय लोहड़ी मेला–2026 की अग्रिम तैयारियों को लेकर आज खंड विकास अधिकारी प्रागपुर के सभागार कक्ष में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसडीएम ने राज्य स्तरीय लोहड़ी मेला–2026 के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन को लेकर सभी विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। उन्होंने निर्देश दिए कि मेला आयोजन से संबंधित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए तथा प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का जिम्मेदारी एवं आपसी समन्वय के साथ निर्वहन सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय लोहड़ी मेला क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मेले को पारंपरिक स्वरूप के साथ और अधिक भव्यता से मनाया जाएगा। उन्होंने हेरिटेज धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन में सभी विभागों एवं आम जनता से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि मेला अवधि के दौरान सभी विभाग अपनी-अपनी विभागीय प्रदर्शनियों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को विभिन्न सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सके। इसके साथ उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए कि वे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार करें, जिसमें लोक नृत्य, लोक गीत एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों को विशेष रूप से शामिल किया जाए तथा विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
एसडीएम ने खंड विकास अधिकारी प्रागपुर व पंचायत प्रागपुर को बाजार क्षेत्र व कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, शौचालय, पेयजल एवं बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पुलिस विभाग को मेला अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, जबकि जल शक्ति विभाग को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
कुलवंत सिंह ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यों में तेजी लाएं तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि तैयारियों की नियमित समीक्षा हेतु आगामी दिनों में भी बैठक आयोजित की जाएंगी, ताकि किसी भी प्रकार की कमी को समय रहते दूर किया जा सके।
बैठक के दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को राज्य स्तरीय लोहड़ी मेला–2026 को सफल बनाने हेतु आपसी समन्वय एवं पूर्ण सहयोग से कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी प्रागपुर अशोक कुमार ,नायब तहसीलदार प्रागपुर बलविंदर सिंह ,नायब तहसीलदार डाडासिवा जितेंन्द्र कुमार,सहायक अभियंता विद्युत बोर्ड मनीष कुमार और खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग निरीक्षक संजय कुमार विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित स्कूल प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।