बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन पर जागरूकता सेमिनार आयोजित
सुंदरनगर - हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर द्वारा राष्ट्रीय प्रदूषण निवारण दिवस के अवसर पर बीबीएमबी अस्पताल सुंदरनगर में “बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2016” विषय पर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार की अध्यक्षता वैज्ञानिक अधिकारी प्रोमिला शर्मा ने की, जबकि अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. राज कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, तकनीशियन तथा अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सेमिनार के दौरान प्रतिभागियों को चिकित्सा संस्थानों में उत्पन्न जैव-चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित, वैज्ञानिक और पर्यावरण-अनुकूल निपटान की आवश्यकता पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
वैज्ञानिक अधिकारी प्रोमिला शर्मा ने बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2016 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए अपशिष्ट के वर्गीकरण, रंग-कोड आधारित पृथक्करण, सुरक्षित संग्रहण, उपचार और अंतिम निपटान की अनिवार्य प्रक्रियाओं के बारे में बताया। उन्होंने संस्थानों की कानूनी जिम्मेदारियों और नियमों के अनुपालन की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी स्वास्थ्य कर्मियों को स्वच्छ पर्यावरण के संरक्षण और जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन में जिम्मेदारीपूर्वक योगदान देने का संकल्प दिलाया गया।