बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर खंड स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित
एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन ने की अध्यक्षता
देहरा, 28 नवम्बर - एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन की अध्यक्षता में शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय कक्ष में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत खंड स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बेटी बचाओ - बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत चलाए जा रहे गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा के दौरान एसडीएम ने सभी विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को प्रभावी रूप से धरातल पर पहुंचाने हेतु विभागों के बीच समन्वित प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल देते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी को निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से सभी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए।
इस दौरान उन्होंने पंचायत स्तर पर जागरूकता शिविर का आयोजन करने के लिए भी विभाग को निर्देशित किया।
इसके उपरांत एसडीएम कुलवंत सिंह पोटन ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अनुश्रवण समिति व अभिसरण समिति (पोषण अभियान) की समीक्षा बैठक की भी अध्यक्षता की।
पोषण अभियान की समीक्षा करते हुए एसडीएम ने कहा कि पोषण अभियान को जनसहभागिता से जोड़ना समय की आवश्यकता है, जिससे बच्चों में दुबलापन, बौनापन तथा कम वजन जैसी समस्याओं को प्रभावी रूप से कम किया जा सके।
उन्होंने आईसीडीएस पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया कि वे आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नियमित दिशा-निर्देश प्रदान करें तथा नवजात एवं छोटे बच्चों में पोषण संबंधी विकारों की सतत निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि आवश्यक हस्तक्षेप समय पर किया जा सके। इस दौरान उन्होंने बच्चों , महिलाओं को पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सेवाएँ प्रदान करने के लिए विशेष बल देने को कहा तथा जागरूकता शिविर लगाने के निर्देश दिए।
बैठक में बेटी है अनमोल, शगुन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की प्रगति पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लिंगानुपात सुधारने हेतु प्रभावी एवं व्यापक जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं।
बैठक की कार्यवाही का संचालन बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा राजेन्द्र कुमार ने किया। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ एचपी सिंह सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग परविंदर सिंह, नगर परिषद अध्यक्षा सुनीता कुमारी विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के आंगनवाड़ी पर्यवेक्षक मौजूद रही।