धनोट (ज्वालामुखी) वेद धारा ग्लोबल स्कूल में वार्षिकोत्सव ‘वेदोत्सव–2025’ उल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ज्वालामुखी के विधायक माननीय श्री संजय रतन जी तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती रितु रतन जी रहीं। इस अवसर पर एसडीएम ज्वालामुखी डॉ संजीव शर्मा और डीएसपी श्री आर पी जसवाल भी मौजूद रहे। विद्यालय परिवार ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया।
इस वर्ष वेदोत्सव की थीम “चार युगों के मूल्य” रही, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने सतयुग, त्रेतायुग, द्वापरयुग और कलियुग पर आधारित आकर्षक नृत्य, नाटक और भक्ति-प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत कीं।
एल.के.जी. एवं नर्सरी के बच्चों की कृष्ण-लीला, “माखन-चोरी” एवं “छोटी-छोटी गैया” जैसी प्रस्तुतियाँ दर्शकों के विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
महेश्वर सूत्र, नरसिंह अवतार, वामन अवतार, चाणक्य-चन्द्रगुप्त, रामायण तथा “जयतु भारतम्” जैसे नृत्यनाटकों के मंचन द्वारा विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति का सुंदर प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक संजय रतन ने वेदोत्सव में अपने संबोधन में कहा कि , विद्यार्थी देश के वर्तमान और भविष्य के आधार हैं, उनके उत्थान के लिए सरकार के साथ साथ समाज को भी हर संभव प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में कोई काम कठिन नहीं होता तथा अपनी लग्न ओर मेहनत से हर विद्यार्थी कोई भी मुकाम हासिल कर सकता है।
उन्होंने छात्रों को वार्षिक उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि वार्षिकोत्सव किसी भी संस्थान के आत्म अवलोकन का समय होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे उत्सवों में छात्रों की प्रतिभा दिखाई देती है और इसमें निखार आता है ने विद्यालय द्वारा संस्कृति एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वेद धारा ग्लोबल स्कूल ज्वालाजी क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बच्चों में नैतिक मूल्यों के विकास में सराहनीय कार्य कर रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज जोशी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों, प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों की सफलताओं तथा गतिविधियों का विवरण दिया।
विद्यालय के डायरेक्टर अजय डोगरा और प्रबंधक श्रीमती निगम शर्मा ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।
जिन छात्र- छात्राओं ने पिछले वर्ष विशिष्ट शैक्षिक उपलब्धियाँ हासिल की उन्हें मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया एवं कार्यक्रम का समापन प्रधानाचार्य द्वारा आभार-ज्ञापन के साथ हुआ।