उप-मुख्यमंत्री ने राज्यसभा सांसद एवं हिमाचल कांग्रेस की प्रभारी से भेंट की
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज नई दिल्ली में राज्यसभा सांसद एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों तथा विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
श्री अग्निहोत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी और केंद्र से अपेक्षित सहयोग के संदर्भ में विचार-विमर्श किया।
श्रीमती पाटिल ने प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए पार्टी संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उप-मुख्यमंत्री ने नायक पुष्पेंद्र नेगी की शहादत पर शोक व्यक्त किया
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किन्नौर ज़िला की सांगला तहसील के थैमगारंग पंचायत निवासी एवं डोगरा रेजीमेंट में तैनात नायक पुष्पेंद्र नेगी की असम में डयूटी के दौरान शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण अविस्मरणीय है और प्रदेश को उनके बलिदान पर गर्व है।
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ईश्वर से पुष्पेंद्र नेगी की आत्मा की शांति और परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।