Gujrat Assembly में आज दूसरे चरण का मतदान चल रहा है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा कि आज गुजरात में दूसरे व अंतिम चरण का मतदान है। मैं सभी मतदाताओं विशेषकर युवा साथियों से अपील करता हूँ कि प्रदेश के विकास की निरंतरता सुनिश्चत करने के लिए अत्यधिक संख्या में मतदान करें। गुजरात ने लोकतंत्र को समृद्ध व परिपक्व बनाने में सदैव भूमिका निभाई है, आप इस परंपरा के वाहक हैं।
प्रधानमंत्री अहमदाबाद शहर के रानिप इलाके में एक विद्यालय में स्थापित मतदान केंद्र में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री और गांधीनगर से भाजपा सांसद अमित शाह अहमदाबाद के नारणपुरा में नगर निगम के एक कार्यालय में स्थापित केंद्र में मतदान करेंगे। मोदी रानिप क्षेत्र के पंजीकृत मतदाता हैं और उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव तथा पहले के अन्य चुनावों में भी यहां अपना वोट डाला था। यह मतदान केंद्र अहमदाबाद शहर की साबरमती विधानसभा के अंतर्गत आता है।
गुजरात में दूसरे चरण के लिए वोटिंग शुरू हो चुकी है। इस चुनाव में अपने मत का इस्तेमाल करने के लिए मतदाता धीरे-धीरे पोलिंग बूथों पर पहुंचने लगे हैं। चुनाव आयोग ने आज होने वाले मतदान के लिए खास तैयारी की है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। आज वोटिंग के लिए चुनाव आयोग की तरफ से 14,975 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 93 सीटों के लिए आज चुनाव हो रहे हैं। आज होने वाले चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह भी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में अहमदाबाद शहर की जिन 16 सीट पर सोमवार को मतदान होना है, वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए महत्वपूर्ण हैं, जिसने 1990 के बाद से यहां हुए चुनावों में हमेशा बढ़त हासिल की है। कांग्रेस को 2012 में इन 16 सीट में से दो पर जीत मिली थी। 2017 में उसके प्रदर्शन में सुधार हुआ और पार्टी चार सीट जीतने में कामयाब रही। आम आदमी पार्टी (आप) के आने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है, जिसने सभी 16 सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं, ऑल इंडिया मज्लिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन चार सीट पर चुनाव लड़ रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का अनुमान है कि फिलहाल इन 16 में से 12 सीट पर काबिज भाजपा इनमें से अधिकतर सीट जी सकती है और 'आप' शायद ही कोई प्रभाव छोड़ पाए। कुछ सीट पर एआईएमआईएम कांग्रेस के वोट काट सकती है। शहर में दो प्रमुख सीट मणिनगर और घाटलोडिया हैं। मणिनगर सीट से 2002 से 2014 तक मोदी विधायक रहे थे जबकि पाटीदार समुदाय के प्रभुत्व वाली घाटलोडिया सीट से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल विधायक हैं। इससे पहले इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल विधायक थीं।
गुजरात में मतदान से पहले राहुल गांधी ने बड़ा दावा किया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी कांतिभाई खराडी पर भाजपा के गुंडों ने हमला किया है और अब वो लापता हैं। राहुल गांधी के इस दावे के बाद कांतिभाई खराडी भी सामने आए। उन्होंने कहा, 'जो कुछ भी हुआ वो काफी दुर्भाग्यपूर्ण था। मैं अपने क्षेत्र में जा रहा था क्योंकि वहां चुनाव था। मैंने देखा कि वहां माहौल काफी खराब है इसलिए मैंने सोचना कि मैं वहां से निकल जाऊं। दांता विधानसभा सीट से कांतिभाई कांग्रेस के प्रत्याशी हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी ने आगे बताया कि जब हमारी कार लौट रही थी तब कुछ कारों ने हमारा पीछा किया। दांता विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी लातू परघी और दो अन्य लोग हथियार के साथ आए थे। उनके पास तलवार थे। हमने सोचा कि हमें भागना चाहिए। हम करीब 10-15 किलोमीटर तक दौड़े और 2 घंटे तक जंगल में रहे।