महिलाओं को दिया अधिमान, देहरा में स्थापित होगा प्लेनेटेरियम: कमलेश ठाकुर
देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट भाषण में महिलाओं को अधिमान देते हुए जिले में कामकाजी महिलाओं की आवासीय जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य पालमपुर, लुथान, नगरोटा बगवां और चनौर इंडस्ट्रियल एरिया में कामकाजी महिला छात्रावास के निर्माण करने की घोषणा की है। इसके अलावा जिला कांगड़ा में कॉलेज की छात्राओं के लिए 4 होस्टल बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने बजट भाषण में देहरा के बनखंडी में अंतरराष्ट्रीय स्तर के जूलॉजिकल पार्क के निर्माण के साथ एक प्लेनेटेरियम स्थापित करने की घोषणा भी की।
बकौल कमलेश, बनखंडी में बनने वाला प्लेनेटेरियम पर्यटन के साथ-साथ देशभर से विज्ञान में रूचि रखने वाले छात्रों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। कमलेश ठाकुर ने कहा कि जलशक्ति विभाग से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को दुरुस्त करते हुए जिला कांगड़ा के देहरा, ज्वाला जी और जसवां-प्रागपुर में आगामी वित्त वर्ष के दौरान 43 करोड़ रूपये की लागत से पेयजल वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की घोषण मुख्यमंत्री ने अपने बजट भाषण में की।
स्वास्थ्य का भी रखा ध्यान
कमलेश ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार के तीसरे बजट में मुख्यमंत्री ने जिला कांगड़ा के स्वास्थ्य का भी पूरा ध्यान रखा है। उन्होंने जिले में नवजात शिशु स्थिरीकरण इकाई सहित त्यारा और जयसिंहपुर में ब्लड स्टोरेज यूनिट्स की स्थापना करने की घोषणा की। इसके साथ टॉण्डा मैडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अपने बजट भाषण में जिला कांगड़ा में 50 बिस्तरों वाले एकीकृत आयुश अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने बजट भाषण में प्रदेश में नशे की रोकथाम के लिए सरकार द्वारा मैडिकल कॉलेज टाण्डा में नशा मुक्ति एवं पुनर्वास का नोडल केन्द्र स्थापित करने की बात कही।