ज्वालामुखी में पूर्णाहुति के साथ गुप्त नवरात्र संपन्न , विधायक ने मंदिर में प्लास्टिक का प्रयोग रोकने को कहा
ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन ने आज यहां कहा कि ज्वालामुखी मंदिर का जल्द ही मास्टर प्लान तैयार हो जायेगा। व अब मास्टर प्लान के तहत ही मंदिर का सौंदर्यीकरण होगा। उन्होंने कहा कि देश दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के लिये मंदिर परिसर में बेहतर सुविधाएं जुटाई जायेंगी। ताकि किसी भी श्रद्धालु को कोई परेशानी न हो।
उन्होंने मंदिर प्रशासन को मंदिर को परिसर में प्लास्टिक के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि लंगर परोसने में किसी भी प्रकार के प्लास्टिक की वस्तु को उपयोग में न लाया जाये।
इससे पहले, सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी में आज विधायक संजय रतन की मौजूदगी में माघ अष्टमी गुप्त नवरात्रि का विधिवत समापन हो गया। मंदिर की यज्ञ शाला में एसडीएम संजीव शर्मा, मन्दिर अधिकारी मनोहर लाल शर्मा ने विधायक संजय रतन एवं उनकी धर्मपत्नी रितु रतन के साथ वैदिक मंत्रों से हवन यज्ञ किया।
संस्कृत कालेज के प्राचार्य प्रबल शास्त्री ने बताया कि गुप्त नवरात्रों में हिन्दू धर्म में नवरात्रि मां दुर्गा की साधना के लिए बेहद महत्त्वपूर्ण माने जाते हैं। नवरात्र के दौरान साधक विभिन्न तंत्र विद्याएं सीखने के लिए मां भगवती की विशेष पूजा करते हैं। तंत्र साधना आदि के लिए गुप्त नवरात्र बेहद विशेष माने जाते हैं। माघ मास व आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष में पड़ने वाली नवरात्र को गुप्त नवरात्र कहा जाता है। इस नवरात्रि के बारे में बहुत ही कम लोगों को जानकारी होती है।
विधायक संजय रत्न ने सभी प्रदेशवासियों को गुप्त नवरात्रि की शुभकामनाएं दी और पूरे विश्व के कल्याण सुख शांति समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर ज्वालामुखी के बीडीओ अंशु चंदेल , तहसीलदार राहुल , नगर परिषद अध्यक्ष धर्मेन्द्र शर्मा , बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अश्विनी दत्त जानू व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।