हुबली धारबाड़ (कर्नाटक) में दिनांक 12 जनवरी से 16 जनवरी तक आयोजित हो रहे 26वें राष्ट्रीय युवा उत्सव का शुभारम्भ प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया | इस राष्ट्रीय युवा उत्सव 2023 में हिमाचल प्रदेश की ओर से युवा सेवा एवं खेल अधिकारी कुल्लू कविता ठाकुर के नेतृत्व में सन्नी कुमार सहित सूत्रधार कला संगम के कलाकार सुंदर श्याम, सन्नी, भूपेन्द्र, संजय, सागर, धनवंती, करिश्मा, स्मृतिका, कशिश, अभिनंदन व अमित कुमार ने उदघाटन समारोह में आयोजित सांस्कृतिक परेड में प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया |
इस परेड में भारत के विभिन्न राज्यों से आए दलों ने रंग बिरंगी वेषभूषा में अपने-अपने राज्य की संस्कृति का प्रदर्शन किया | इस कार्यक्रम में खेल मंत्री अनुराग ठाकुर तथा कर्नाटक राज्य के मुख्यमंत्री सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की | ये 26वां राष्ट्रीय युवा उत्सव विकसित युवा विकसित भारत थीम पर आधारित है |
इस पांच दिवसीय राष्ट्रीय युवा उत्सव में कल 14 जनवरी को हुबली धारबाड़ (कर्नाटक) के गोल्डन जुबली ऑडिटोरियम में लोक गीत प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए सूत्रधार कला संगम के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगें | इस लोकगीत प्रतियोगिता में सुबह के सत्र में हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ गोवा, गुजरात, दिल्ली, आसाम, उत्तर प्रदेश व केरला की भी प्रस्तुति रहेगी |