संधोल में तहसीलदार व राजस्व आयुक्त ओशिन शर्मा के आह्वान पर संधोल में सफाई अभियान चलाया गया। जिसमें तहसील संधोल का पूरा स्टाफ शामिल हुआ और स्थानीय पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भी इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया, साथ ही जलशक्ति विभाग और लोक निर्माण विभाग के दर्जनों कर्मचारी भी ईमानदारी के साथ नालियों को साफ करने में जुटे रहे। संधोल नाले में गंदगी इतनी फैली हुई थी की उसको हटाने के लिए जेसीबी को भी लगाना पड़ा और टिपर ट्रालियों में भरकर निर्धारित डंपिंग साईट पर पहुंचाया गया। इस सफाई अभियान में संधोल क्षेत्र के कई युवा भी मैदान में उतरे और अपने संधोल क्षेत्र को स्वच्छ बनाने के लिए सहयोग किया।
संधोल पंचायत प्रधान कुलदीप सिंह बिष्ट ने बताया कि यहां गंदगी का मुख्य कारण स्थानीय बाजार और जनता द्वारा कूडा फैंकना है इसके लिए उनके यहां कोई डंपिंग साईट उपलब्ध नहीं है जहां कूडा ले जा सकें। उन्होंने अपील की कि घरों और बाजार का कूड़ा नाली में फैंकने के बजाए इसको जला दें क्योंकि जलाने से उतना प्रदूषण नहीं होगा जितना नाले में फैंकने से हो रहा है। जल्द ही यहां साईन बोर्ड लगाए जाएंगे और नाले में कूडा फैंकने वालों पर एक हजार से पांच हजार तक जुर्माना लगाया जाएगा और जल्द ही व्यापार मंडल के साथ बैठक कर एक साईट चिन्हित की जाएगी जहां कूडे का निपटान हो सके।
इस अवसर पर ओशीन शर्मा ने कहा कि जब ये कूड़ा हम संधोल के लोगों ने फैलाया है इसको साफ करना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इससे पहले पतलीकूल और सांडू मैदान बिलासपुर में भी इस प्रकार का सफाई अभियान चला चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि पंचायतीराज में प्रधानों के पास इसके लिए बड़ी शक्तियां हैं वे साइन बोर्ड ही नहीं लगा सकते बल्कि दंड के रूप में जुर्माना भी कर सकते हैं। स्थानीय लोगों से मैं कहना चाहती हूं कि आपके बच्चे इस वातावरण में पढ रहें हैं बड़े हो रहे हैं हम उन्हें स्वच्छता का पाठ चार दिवारो में बैठाकर नहीं पढा सकते हैं अगर हम कूडा लाकर नालियों में फैंक रहे हैं , इसके लिए हमें अपने क्षेत्र को साफ सुधरा रखना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन भी अभी तक कूड़े की उचित व्यवस्था नहीं कर पाया है बहुत जल्द व्यापार मंडल के साथ एक बैठक की जाएगी और उपायुक्त मंडी से निवेदन करेंगे कि संधोल में सोलिड लिक्विड वेस्ट प्लांट लगाया जाए और स्थानीय प्रधानों की मदद से प्लांट के लिए स्थल भी ढूंढा जाएगा। सफाई अभियान स्थाई हल नहीं है इसके लिए कूडे के निदान की उचित व्यवस्था आवश्यक है ताकि कूडा इकट्ठा होकर उसका निपटान हो सके। आज जो कूड़ा इकट्ठा होकर जा रहा है इसके लिए एक साइट निश्चित की गई है वहां इसका निपटारा किया जाएगा