हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पांचवें दिन शनिवार को भाजपा विधायक दल ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में विधानसभा परिसर में सेब की पेटियों के साथ प्रदर्शन किया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने गारंटी दी थी कि सत्ता के आने के बाद किसान-बागवान सेब के दाम खुद तय करेंगे। लेकिन सरकार बन जाने के बाद जब किसान-बागवानी मंत्री से मिले तो मंत्री ने कह दिया कि देश में ऐसी व्यवस्था कहीं नहीं हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि इन झूठी गारंटियां हम कांग्रेस को भूलने नहीं देंगे। जो कहा है, वह करना पड़ेगा। हिमाचल के लोगों को कांग्रेस द्वारा ठगने नहीं देंगे।
भाजपा विधायकों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले बागवानों को गारंटी दी थी कि सेब के दाम वे खुद तय करेंगे, लेकिन यह गारंटी लागू नहीं हुई है। बागवानों को सेब नालों में बहाने की नौबत आ गई। हालांकि, सुबह प्रश्नकाल बगैर गतिरोध के चला।