ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन ने कहा कि ज्वालामुखी का हर गांव सडक मार्ग से जोडा जायेगा। इसके लिये धन की कोई कमी नहीं है। लेकिन यह कार्य स्थानीय लोगों के सहयोग के बिना सरकार पूरा नहीं कर सकती। उन्होंने ग्रामीणों से सड़क के लिये जमीन दान देने की अपील की।
संजय रतन अंब पठियार में आज डिग्री कॉलेज से उछाड गांव के लिये 43 लाख रुपये की लागत से बनने वाले एंबुलेंस रोड के भूमि पूजन के बाद ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। यहां पहुंचने पर उनका बेहद गर्मजोशी से स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया ।
उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार लोगों के जीवन में गुणात्मक सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। व्यवस्था परिवर्तन उनका ध्येय है। समाज में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का कल्याण सुनिश्चित करना सुक्खू सरकार की प्राथमिकता है। इसी के तहत ज्वालामुखी के विकास का खाका तैयार किया गया है। और शिक्षा , स्वास्थ्य एवं सडक परिवहन उनकी प्राथमिकता है।
संजय रतन ने कहा कि उनका सपना रहा है कि ज्वालामुखी में बेहतरीन शैक्षणिक ढांचा उपलब्ध हो। इसी के तहत पिछले कार्यकाल के दौरान ज्वालामुखी में तीन डिग्री कालेज खोले गये थे। लेकिन भाजपा राज में सारा विकास ठप्प होकर रह गया। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि ज्वालामुखी में करीब 25 सिनियर सैकेंडरी स्कूल हैं। आने वाले समय हर स्कूल में सारी सुविधायें उपलब्ध होगी।
संजय रतन ने कहा कि कांग्रेस सरकार हिमाचल में सुशासन का संकल्प पूरा करने के लिए वचनबद्ध है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार को पूरी तरह उखाड़ फेंकने के लिए बहुत जल्द ट्रांसपेरेंसी एक्ट लाया जाएगा।
उन्होंने ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि लोगों ने जो विश्वास उनपर जताया है वे उसपर खरा उतरेंगे। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्यों को नई गति दी जाएगी। बंद पड़ी परियोजनाओं को पुनः आरंभ कराने के साथ साथ नई योजनाओं को लेकर आगे बढेंगे।
इस अवसर पर एसडीएम संजीव शर्मा , ज्वालामुखी मंडल कांग्रेस अध्यक्ष दीपक चौहान , पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेन्दर सिंह राणा, कांग्रेस नेता अशविनी शर्मा , ज्ञानेशवर शर्मा, दीपक सूद, सद्दीक मोहम्मद, व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।