दिल्ली-N C R समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में शनिवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। रात करीब नौ बजकर 31 मिनट के आसपास ये झटके महसूस किए गए। दिल्ली-एनसीआर के अलावा, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश में जमीन के भीतर करीब 181 किलोमीटर नीचे था। जम्मू-कश्मीर में भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.8 मापी गई। पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप से अबतक कहीं भी जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश में होने की वजह से उसके आस-पास तेज झटके महसूस किए गए। दिल्ली में हल्के झटके महसूस किए गए। जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके तेज थे। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
नोएडा की एक हाईराइज में रहने वाली प्रीति शंकर ने बताया, 'साढ़े 9 बजे के करीब दो बार भूकंप के झटके महसूस हुए।' हालांकि, नोएडा में रहने वाले कुछ लोग सोसाइटी और फैमिली वॉट्सऐप ग्रुप्स में ये मेसेज लिख रहे थे कि उन्हें तो भूकंप के झटके महसूस ही नहीं हुए।