रायगढ़ के खोपोली इलाके में बचाव अभियान जारी है, जहां एक बस के खाई में गिर जाने से 12 लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक लोग घायल हुए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अन्य लोगों ने त्रासदी पर शोक व्यक्त किया और पीड़ितों तथा उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा है कि मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
जानकारी के मुताबिक रायगढ़ के खोपोली इलाके में शिंगरोबा मन्दिर के पीछे हाईवे से जा रही एक निजी बस 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में 30 से 35 लोग सवार थे। रायगढ़ के एसपी ने जानकारी दी है कि खोपोली इलाके में एक बस के खाई में गिर जाने से अबतक 12 लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक घायल हो गए हैं। बचाव अभियान जारी है। दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए हाइकर्स ग्रुप, आईआरबी की टीम मौजूद है। निजी अस्पतालों के डॉक्टरों को मदद के लिए बुलाया गया है।
सीएम शिंदे ने 5 लाख के मुआवजे का किया ऐलान
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर हुए बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया, उन्होंने रायगढ़ के कलेक्टर और एसपी और रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी टीम से भी बात की। सीएम ने घोषणा की है कि मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा और घायलों का सरकारी अस्पताल में मुफ्त इलाज कराया जाएगा।
मृतकों में जुई डी. सावंत (18), कृतिक लोहित (16), राहुल गोथन (17) (सभी गोरेगांव के); मलाड के अभय वी. साबले (20) और वैभवी साबले (15); माहिम की हर्षदा परदेशी (19); सतीश एस. धूमल (25), स्वप्निल एस. धूमल (15), यश एस. यादव (20), मनीष राठौड़ (25) और वीर के. मंडावकर (6) शामिल हैं। एक मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।