दिल्ली के राजघाट पर कांग्रेस पार्टी आज संकल्प सत्याग्रह कर रही है। बड़ी संख्या में पार्टी नेता राजघाट पर जमा हुए हैं। देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर मंडराते खतरे और राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म किए जाने को लेकर यह संकल्प सत्याग्रह किया जा रहा है।
कांग्रेस ने देशभर में आंदोलन चलाने का आह्वान भी किया है। इसी क्रम में आज देशभर के जिला मुख्यालयों और राज्यों की राजधानियों में कांग्रेस सत्याग्रह करेगी। राजधानी दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और महासचिव प्रियंका गांधी जाएंगे। दिल्ली के राजघाट पर संकल्प सत्याग्रह में शामिल होने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पहुंच गई है। गांधी स्मारक पर कांग्रेस को प्रदर्शन की इजाजत दिल्ली पुलिस ने नहीं दी है। यहां पर धारा 144 लगा दी गई है। ऐसे में गांधी स्मारक के सामने विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। पार्टी के बड़े नेता संकल्प सत्याग्रम में शामिल होने पहुंचे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी ने जब इस मुद्दे को उठाया तो उन्हें दबाने के लिए ये मानहानि के केस का तमाशा कर रहे हैं। यह एक साजिश है जिसके खिलाफ राहुल गांधी लड़ रहे हैं। पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है।