पीएचसी चढ़ी में हर्षोल्लास से मनाया गया जड़ी-बूटी दिवस एवं आचार्य बालकृष्ण जी का जन्मोत्सव
चढ़ी, 4 अगस्त। पतंजलि योगपीठ से जुड़े पीएचसी चढ़ी में मंगलवार को जड़ी-बूटी दिवस एवं आचार्य बालकृष्ण जी के जन्मोत्सव का आयोजन बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, योग साधकों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल प्रभारी रामतीर्थ शर्मा ने की। इस अवसर पर कांगड़ा उत्तर के तीनों संगठनों के जिला प्रभारी राजेश कटोच, रजनेश शर्मा एवं देशराज भाटिया तथा कांगड़ा दक्षिण के जिला प्रभारी मेहर सिंह राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर लाइफटाइम मेंबर कैप्टन ओंकार सिंह एवं हरनाम सिंह को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही सभी उपस्थित लोगों को अपने घरों में लगाने के लिए औषधीय पौधे भेंट किए गए, ताकि औषधीय पौधों के संरक्षण और उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
इसके अलावा पीएचसी चढ़ी परिसर में वट वृक्ष, पीपल वृक्ष और बेल वृक्ष का विधिवत पौधारोपण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ये तीनों वृक्ष भारतीय संस्कृति और आयुर्वेद में विशेष महत्व रखते हैं तथा पर्यावरण संरक्षण में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्णकालिक सदस्य रजनेश शर्मा की धर्मपत्नी रमा शर्मा का विशेष सहयोग रहा। उनके प्रयासों से आगामी सह योग शिक्षक प्रशिक्षण बैच के लिए पांच सह योग शिक्षकों का पंजीकरण भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, आयुर्वेद एवं योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजन का समापन राष्ट्र एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना के साथ किया गया।