हमीरपुर । अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक सप्ताह के उपलक्ष्य में हमीरपुर में जिला ओलंपिक संघ द्वारा खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और 'फिट इंडिया, हेल्दी इंडिया' का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जागरूकता दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ SAI स्पोर्ट्स सेंटर ग्राउंड, अणु से शुरू होकर गांधी चौक, हमीरपुर तक निकाली गई, जिसमें खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री, हमीरपुर से सांसद एवं हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि "स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है। यदि हमें आने वाली पीढ़ी को नशामुक्त, अनुशासित, आत्मविश्वासी और ऊर्जावान बनाना है तो खेलों और नियमित शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा।"
उन्होंने कहा कि आज भारत खेलों के क्षेत्र में नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को राष्ट्रीय विकास और युवा सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बनाया गया है। खेलो इंडिया, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS), आधुनिक खेल अवसंरचना, खेल विज्ञान, पोषण और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण जैसी पहलों ने देश में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक सप्ताह के अवसर पर आयोजित यह दौड़ स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक सद्भाव, एकता और फिट इंडिया मूवमेंट को समर्पित है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और आमजन की बड़ी भागीदारी यह दर्शाती है कि समाज में फिटनेस और खेलों के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने हमीरपुर में खेल सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रो. प्रेम कुमार धूमल के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से यहां सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण हुआ, जिसकी बदौलत जिले के अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने बताया कि इसी खेल परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हमीरपुर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की मंजूरी भी दिलाई गई, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर फिट और स्वस्थ भारत के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया।